Home » राममंदिर के लिए तरसाने वालों को वोट के लिए तरसाओ – सीएम योगी

राममंदिर के लिए तरसाने वालों को वोट के लिए तरसाओ – सीएम योगी

by Bhupendra Sahu

लखनऊ। भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या जिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को घेरा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बीकापुर और मिल्कीपुर विधानसभा की अपनी चुनावी जनसभाओं में इन तीनों दलों के नेताओं को राम मंदिर निर्माण का विरोधी साबित किया। अपनी जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने कहा, कांग्रेस ने अयोध्या में राम जन्मभूमि पर ताला लगाया था। सपा सरकार के समय रामभक्तों पर गोलियां चली थी। बसपा अयोध्या को लेकर जो कहती थी वह किसी से नहीं छुपा है। इन तीनों दलों ने राम मंदिर के लिए वर्षों देश के लोगों को तरसाया, अब इन्हें वोट के लिए तरसाओ। मुख्यमंत्री ने बीकापुर और मिल्कीपुर के लोगों से इन तीनों दलों को वोट की चोट से विसर्जन करने की अपील भी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य में फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का आग्रह किया।

भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली चुनावी जनसभा मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई। यहां उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आप याद कीजिए मैं पांच साल पहले आया था, तब कहा था राम लला हम आएंगे और मंदिर भव्य बनाएंगे। क्या राममंदिर का निर्माण सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार में हो सकता था? हम (भाजपा) जो कहते हैं वह करते हैं। हमने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया। अब अयोध्या में भव्य राममंदिर बन रहा है। अगले साल तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार भी हो जाएगा। आज पूरी दुनिया अयोध्या की ओर देख रही है। जबकि सपा की सरकार में राम भक्तों पर गोली चली थी। यही नहीं सत्ता में आने के बाद सपा सरकार ने आतंकवादियों के मुकदमे वापस लेने का पहला निर्णय लिया था। सपा का हाथ आतंकवादियों के साथ है और अभी भी सपा की संवेदना आतंकवादियों के प्रति रही है। अब रामभक्तों पर गोली चलाने वाले बबुआ भी अयोध्या के लोगों का वोट मांग रहा रहे हैं। ऐसे लोगों को सीधे जवाब दो, जिन्होंने राममंदिर के लिए लोगों को तरसाया, उन्हें वोट के लिए तरसाओ। ऐसे दलों का अब वोट की चोट से विसर्जन कर दीजिए।
मुख्यमंत्री ने बीते पांच वर्षों में लोगों की भलाई के लिए डबल इंजन की सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए लोगों के इलाज की व्यवस्था की व फ्री टेस्ट और सभी को मुफ्त वैक्सीन दी। हमने बिजली देने में किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया। राशन भी उपलब्ध कराया गया। अयोध्या में 48,400 गरीबों को आवास दिए गए। यहां के 50,400 किसानों का कर्ज माफ किया गया। यह बताते हुए मुख्यमंत्री ने जनसभा में आए लोगों से सवाल किया कि क्या सपा सरकार में यह सब आपको मिलता था? मुख्यमंत्री ने यह दावा भी किया कि, हम अभी एक करोड़ नौजवानों को टैबलेट दे रहे हैं। सरकार आने दीजिए दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट देंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चुनाव का ऐलान होते ही पांच वर्षों में बिलों में छिपे पेशेवर माफिया अपने बिलों से बाहर निकल कर धमकी दे रहे हैं। इन धमकीबाजों की गर्मी को 10 मार्च के बाद शांत कर दिया जाएगा। यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ भाजपा की सरकार ही संकट के समय में लोगों के साथ खड़ी रहती है। कोरोना कालखंड में भाजपा ही लोगों की मदद करने के लिए आगे आयी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर में हर उस जगह को लेकर सक्रिय रहे जहां कोरोना संक्रमण फैल रहा था। उन्होंने कहा कि हमने भी हर जिले का दौरा किया। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने फ्री में टेस्ट, उपचार और वैक्सीन की सुविधा दी। संकट में सभी को डबल डोज राशन का भी मिला। क्या सपा, बसपा, कांग्रेस के समय भी ऐसे ही राशन मिलता था। जब यह आपके सुख दुख में सहभागी नहीं तो इन्हें सिर में ढोने की क्या जरूरत है। उनका विसर्जन करने की जरूरत है। आप उनको विसर्जित करके भाजपा को फिर शासन का मौका दें। हम अयोध्या की पांचों सीटें जीतेंगे तो यूपी में 325 सीटों का समर्थन भाजपा को प्राप्त होगा। यूपी में 325 सीट जीतने का मतलब प्रदेश में एक मजबूत और दमदार सरकार होगी। प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने पर एक हाथ में विकास की छड़ी होगी तो दूसरे हाथ में बुलडोजर की स्टेयरिंग होगी। प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा साथ ही माफियाओं और गुंडों के खिलाफ कार्रवाई होती रहेगी।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More