दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में वार्षिक परीक्षा हेतु आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी 2022 तक एक लाख इन्क्यानबें हजार एक सौ इकसठ आवेदन पत्र ऑनलाईन रूप से जमा हो चुके हैं जबकि अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इसके अलावा 1156 ऐसे विद्यार्थी हैं जिन्होंने परीक्षा आवेदन पत्र तो जमा किया है परन्तु उसके साथ ऑनलाईन रूप से निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया है। इन सभी विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे शीघ्र परीक्षा शुल्क जमा करें अन्यथा वे वार्षिक परीक्षा 2022 में नहीं बैठ पायेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि वार्षिक परीक्षा हेतु प्राप्त आवेदनों में से नियमित विद्यार्थियों की संख्या 78679 तथा भूतपूर्व विद्यार्थियों की संख्या 39 है। इसी प्रकार पूरक प्राप्त 206 विद्यार्थियों ने परीक्षा हेतु आवेदन किया हैं इस वर्ष स्वाध्यायी छात्रों की संख्या में अप्रत्याषित वृद्धि हुई है तथा इस बार 112237 परीक्षार्थियों ने आवेदन जमा किया। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाईन आवेदन कर चुके हैं उन्हें संबंधित महाविद्यालयों में हार्डकॉपी जमा करना अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय की जनवरी 2022 सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में जानकारी देेते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि इस वर्ष सेमेस्टर परीक्षाओं में 26284 विद्यार्थी शामिल हुए जिनकी लगभग 125000 उत्तरपुस्तिकाओं में से 52000 उत्तरपुस्तिकाएं विष्वविद्यालय में पहुंच चुकी है। तथा इनका मूल्यांकन कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। 05 फरवरी तक अनके विषयों के रिजल्ट घोषित किये जाने की संभावना हैं।