Home » सलमान ने किया बजरंगी भाईजान 2 का ऐलान, केवी विजेंद्र लिखेंगे स्क्रिप्ट

सलमान ने किया बजरंगी भाईजान 2 का ऐलान, केवी विजेंद्र लिखेंगे स्क्रिप्ट

by Bhupendra Sahu

सलमान खान को यूं ही स्टारडम नहीं मिल गया है। उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्मों की सौगात दी है। ऐसी ही एक फिल्म है बजरंगी भाईजान, जिसमें सलमान का अंदाज दर्शकों को पसंद आया था। काफी समय से इसके सीच्ल की चर्चा चल रही थी। अब खुद सलमान ने बजरंगी भाईजान 2 का ऐलान कर दिया है। इस फिल्म की पटकथा एसएस राजामौली के पिता केवी विजेंद्र प्रसाद लिखेंगे। अभिनेता सलमान ने मुंबई में आरआरआर के एक कार्यक्रम में प्रशंसकों के साथ यह खुशखबरी शेयर की है। बता दें कि आरआरआर की टीम अभी अपनी फिल्म को प्रमोट करने में व्यस्त है। आरआरआर की टीम को सपोर्ट करने के लिए सलमान उनके कार्यक्रम में पहुंचे थे। वह सीधे मुंबई एयरपोर्ट से इस कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए थे। अब एक बार फिर बजरंगी भाईजान 2 में सलमान को देखना दिलचस्प होगा।

आरआरआर 7 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राजामौली ने फिल्म आरआरआर का निर्देशन किया है। फिल्म में जूनियर एनटीआर, राम चरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कुछ महीने पहले फिल्म के लेखक केवी विजेंद्र ने बताया था कि बजरंगी भाईजान 2 पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा था, मैं बजरंगी भाईजान 2 की कहानी लिखने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने कुछ समय पहले सलमान से भी अपना विचार साझा किया था। उन्हें मेरी इस फिल्म का आइडिया पसंद आया है। मैं सही तरीके से इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाना चाहता हूं। उम्मीद है कि चीजें सही तरीके से चलेंगी।

बजरंगी भाईजान 2015 में रिलीज हुई थी, जो पर्दे पर सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म का लेखन भी केवी विजेंद्र ने किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था। केवी विजेंद्र ने बाहुबली जैसी एतिहासिक फिल्म की कहानी भी लिखी थी। बजरंगी भाईजान में करीना कपूर, हर्षाली मल्होत्रा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया था। फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प थी, जिसमें हर्षाली मल्होत्रा मुन्नी के किरदार में दिखी थीं। गूंगी लड़की मुन्नी भूलवश पाकिस्तान से भारत आ जाती हैं, जिसे सलमान पाकिस्तान में उनके परिवार से मिलाने का बीड़ा उठा लेते हैं।

सलमान मास्टर की हिन्दी रीमेक में नजर आ सकते हैं। टाइगर 3 में भी सलमान अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में एक बार फिर कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी नजर आएगी। वह शाहरुख खान की फिल्म पठान में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इसके अलावा वह बिग बॉस 15 को भी होस्ट कर रहे हैं। सलमान के कारण ही यह शो काफी समय से दर्शकों को लुभाता रहा है। बजरंगी भाईजान के बाद मुन्नी (हर्षाली) ने फिल्म नास्तिक में काम किया है। यह फिल्म 2018 में आई थी, जिसमें अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिका में थे। हर्षाली को छोटे पर्दे पर कुबूल है और लौट आओ तृषा जैसे शोज में देखा गया है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More