भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई का शपथ ग्रहण समारोह 6 जनवरी तय किया गया है। फिलहाल इसका शेड्यूल फाइनल नहीं हुआ है। चुंकि महापौर व सभापति का चुनाव होना बाकी है इसलिए कार्यक्रम की रूपरेखा सामने नहीं आई है। यह तय है कि 6 जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह पूरा कर लिया जाएगा। वहीं महापौर व सभापति चुनाव को लेकर कहा जा रहा है कि 3 जनवरी तक इसे फाइनल कर दिया जाएगा।
बता दें कि 20 दिसंबर को नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत नगर निगम भिलाई सहित 15 निकायों में चुनाव संपन्न हुए। नगर पालिक निगम भिलाई में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ आई है। कांग्रेस के 37 पार्षद, भाजपा के 24 व निर्दलीय 9 पार्षद चुनकर आए हैं। हालांकि अभी तक महापौर व सभापति को लेकर निर्णय नहीं हो सका है, इससे पहले शपथ ग्रहण की तारीख सामने आ गई है। 6 जनवरी गुरुवार को नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर, सभापति सहित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
3 जनवरी तक महापौर सभापति की घोषणा संभव
इधर जानकारी मिली है कि 3 जनवरी तक नगर निगम भिलाई के महापौर व सभापति की घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल भिलाई निगम के सभी पार्षद पुरी में छुट्टी मना रहे हैं। 3 जनवरी 2022 से पहले सभी के लौटने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस पार्टी द्वारा निगम के पार्षद, महापौर व सभापति की घोषणा कर दी जाएगी। शपथ ग्रहण की तिथि अलग-अलग निगम में अलग-अलग रखी जाएगी। फिलहाल भिलाई निगम का शपथ ग्रहण समारोह 6 जनवरी को तय कर लिया गया है