Home » ब्रिसबेन टेस्ट में 9 विकेट में जीता ऑस्ट्रेलिया, सीरीज में ली 1-0 की बढ़त

ब्रिसबेन टेस्ट में 9 विकेट में जीता ऑस्ट्रेलिया, सीरीज में ली 1-0 की बढ़त

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने एशेज सीरीज में शानदार शुरुआत करते हुए ब्रिसबेन टेस्ट को चौथे ही दिन 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की पारी 297 रनों पर समाप्त हुई, जिसकी वजह से मेजबान ऑस्ट्रेलिया को मात्र 20 रनों का लक्ष्य मिला। टीम ने इस लक्ष्य को विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी का विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। मार्कस हैरिस 9 और मार्नस लाबुशेन बिना खाता खोले नाबाद लौटे। कैरी को दूसरी पारी में डेविड वॉर्नर की जगह मौका दिया गया था।

नाथन लियोन के लिए यादगार बना ब्रिसबेन टेस्ट
मैच के चौथे दिन कंगारू ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने टिक कर खेल रहे डेविड मलान को लाबुशेन के हाथों कैच आउट करा अपने टेस्ट करियर का 400वां विकेट हासिल किया। लियोन ऑस्ट्रेलिया की तरफ से महान शेन वॉर्न और ग्लेन मैकग्रा के बाद ऐसा कारनामा करने वाले महज तीसरे गेंदबाज हैं। लियोन को 400वां विकेट हासिल करने के लिए लगभग एक साल का इंतजार करना पड़ा। उन्होंने अपना 399वां विकेट 19 जनवरी 2021 को भारत के खिलाफ ब्रिसबेन में हासिल किया था, जहां उनके शिकार वॉशिंगटन सुंदर बने थे।
रूट-मलान का संघर्ष नहीं आया काम
पहली पारी में मात्र 147 रनों पर सिमटने और ऑस्ट्रेलिया के 425 रन बनाने के बाद इंग्लैंड की टीम बड़ी हार की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन कप्तान जो रूट और डेविड मलान के बीच दूसरी पारी में तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी ने कंगारू गेंदबाजों की चिंता बढ़ा दी। हालांकि इस साझेदारी के टूटने के बाद इंग्लैंड को ऑलआउट होने में ज्यादा समय नहीं लगा। दूसरी पारी में लियोन ने चार इंग्लिश बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया और इस तरह इंग्लैंड की दूसरी पारी 297 रनों पर सिमट गई।
0

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More