नई दिल्ली । ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच जारी है। मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की तेज तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को मात्र 147 रनों पर ही समेट दिया। टीम के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके, जबकि मिचेल स्टार्क और जोस हेजलवुड को दो-दो विकेट मिले। इस दौरान स्टार्क ने वो कारनामा कर दिखाया, जो एशेज के इतिहास से इससे पहले अब तक सिर्फ एक ही बार हुआ था। यहां स्टार्क ने फर्स्ट टेस्ट और एशेज सीरीज की पहली ही बॉल पर विकेट चटकाया और इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स का लेग स्टंप उखड़ दिया।
एशेज सीरीज की पहली ही बॉल पर विकेट इससे पहले एरनी मैकॉर्मिक ने 1936 में लिया था। यानी स्टार्क ने 85 साल बाद इस कारनामे को दोहराया है। इसके साथ ही स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में 13वीं बार पहली बॉल पर विकेट हासिल किया है और उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ दिया। इंग्लिश तेज गेंदबाज ने 12 बार क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में पहली गेंद पर विकेट झटका है। उन्हें इस मैच में आराम दिया गया है।
पोप-बटलर ही कर पाए ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना
मात्र 60 रनों पर ही पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही इंग्लैंड टीम को ओली पोप और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने मजबूती दी। दोनों ने छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाने में मदद की। पोप इसके बाद जहां कैमरन ग्रीन का शिकार बने, वहीं बटलर को स्टार्क ने पवेलियन भेजा। इन दोनों के अलावा कोई अन्य इंग्लिश बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 50.1 ओवरों में 147 रनों पर ऑलआउट हो गई।
00