Home » शेयर बाजार में लौटी तेजी; सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली बढ़त

शेयर बाजार में लौटी तेजी; सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली बढ़त

by Bhupendra Sahu

मुंबई । कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रोन से डरे निवेशकों की भारी बिकवाली से पिछले सप्ताह भूचाल देख चुके घरेलू शेयर बाजार में आज आईटी, टेक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऊर्जा समूह में हुई लिवाली से तेजी लौट आई लेकिन बिकवाली का दबाव बरकरार रहने से सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 153.43 अंक की तेजी लेकर 57,260.58 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 27.50 अंक की मामूली बढ़त के साथ 17,053.95 अंक पर रहा। दिग्गज कंपनियों के विपरीत छोटी और मझौली कंपनियों में हुई करीब दो प्रतिशत तक गिरावट ने शेयर बाजार को और चढऩे से रोक दिया। मिडकैप 230.72 अंक लुढ़ककर 24,615.79 अंक और स्मॉलकैप 532.48 अंक का गोता लगाकर 27,538.93 अंक पर रहा।

इस दौरान बीएसई में कुल 3575 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 966 में लिवाली जबकि 2435 में बिकवाली हुई वहीं 174 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई में 15 कंपनियों के शेयर हरे जबकि 35 लाल निशान पर रहे। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.83 और जर्मनी का डैक्स 0.38 प्रतिशत चढ़ गया जबकि जापान का निक्केई 1.63, हांगकांग का हैंगसैंग 0.95 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.04 प्रतिशत गिर गया।

बीएसई में ऊर्जा, आईटी, दूरसंचार, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, बैंकिंग और टेक समूह की 0.67 प्रतिशत की तेजी को छोड़कर शेष समूह गिरावट पर रहे। इस दौरान यूटिलिटीज समूह के शेयरों ने सबसे अधिक 2.61 प्रतिशत का गोता लगाया। इनके अलावा बेसिक मैटेरियल्स 0.80, सीडीजीएस 1.00, एफएमसीजी 0.78, हेल्थकेयर 0.59, इंडस्ट्रियल्स 1.08, कैपिटल गुड्स 0.75, तेल एवं गैस 1.51, पावर 1.97 और रियल्टी 1.98 प्रतिशत की गिरावट पर रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More