Home » भूमि पेडनेकर ने शाहिद कपूर अभिनीत अली अब्बास जफर की फिल्म ठुकराई

भूमि पेडनेकर ने शाहिद कपूर अभिनीत अली अब्बास जफर की फिल्म ठुकराई

by Bhupendra Sahu

अभिनेता शाहिद कपूर फिल्ममेकर अली अब्बास जफर की अगली फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। कुछ महीने पहले ही अली अब्बास की इस फिल्म के साथ अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का नाम जुड़ा था। अब ऐसी चर्चा है कि उन्होंने इस फिल्म के ऑफर को ठुकरा दिया है। वह इस फिल्म में फीमेल लीड किरदार निभाने वाली थीं। इसी के साथ मेकर्स ने लीड अभिनेत्री की कास्टिंग की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, भूमि ने शाहिद अभिनीत अली अब्बास की अगली फिल्म को रिजेक्ट कर दिया है। एक सूत्र ने बताया, भूमि को एक भूमिका के लिए अप्रोच किया गया था। निर्माताओं को लगा कि शाहिद की पत्नी के रूप में भूमि फिट होंगी। हालांकि, फिल्म में मुख्य रूप से शाहिद के जीवन में घटित हुए एक दिन के बारे में पता चलता है। भूमि की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण थी।

रिपोर्ट्स के अनुसार मेकर्स ने कुछ हफ्ते पहले ही भूमि को यह फिल्म ऑफर की थी। अभिनेत्री को इस फिल्म में उनका किरदार पसंद नहीं आया। इसलिए उन्होंने फिल्म के लिए मना कर दिया है। यह फिल्म न्यूट ब्लैंच की हिन्दी रीमेक होगी। न्यूट ब्लैंच एक फ्रेंच फिल्म है। रिपोर्ट की मानें तो अली अब्बास ने न्यूट ब्लैंच की रीमेक के अधिकार हासिल किए हैं, जिसे अंग्रेजी में स्लीपलेस नाइट्स के टाइटल के साथ बनाया गया है। यह एक ऐसी फिल्म है, जिसमें तोमर सिसली मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 2011 में रिलीज हुई थी। फिल्म को ओटीटी के दर्शकों को ध्यान में रखते हुए बनाया जा रहा है। फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

यह फिल्म एक पुलिस वाले के इर्दगिर्द घूमती है। उस पुलिस वाले का अंडरवर्ल्ड के साथ संबंध तब सामने आता है, जब वह एक शक्तिशाली ड्रग माफिया से ड्रग्स चुराने की कोशिश करता है। इसके बाद उसके बच्चे की जान खतरे में पड़ जाती है। फिल्म में यह दिखाया जाएगा कि वह अपने बच्चे को कैसे बचाता है। शाहिद इस फिल्म में पुलिस वाले की भूमिका में नजर आएंगे। भूमि ने भले ही इस फिल्म को ना कह दिया हो, लेकिन उनके खाते में एक से बढ़कर एक फिल्में हैं। वह महेश मथाई की फिल्म सारे जहां से अच्छा में दिख सकती हैं। इसमें उनके साथ शाहरुख खान, करीना कपूर, विक्की कौशल जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। इसके अलावा वह हर्षवर्धन कुलकर्णी की फिल्म बधाई दो में राजकुमार राव के साथ मुख्य भूमिका में दिखेंगी। वहीं, उन्हें करण जौहर की बहुप्रतीक्षित फिल्म तख्त में भी देखा जा सकता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More