Home » प्रधानमंत्री मोदी ने दिया पार्टी को पांच राज्यों में जीत का मूलमंत्र

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया पार्टी को पांच राज्यों में जीत का मूलमंत्र

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली। हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पांच राज्यों में आगामी चुनाव में जीत को लेकर मूलमंत्र दिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी को सामान्य आदमी के विश्वास का सेतु बनना चाहिए। उन्होंने जनता की सेवा को सबसे बड़ी पूजा बताया। विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा किसी परिवार पर केंद्रित पार्टी नहीं है। सेवा, संकल्प व समर्पण इसके मूल में हैं। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन संबोधन में प्रधानमंत्री ने आने वाले समय में भाजपा की कार्यनीति को बनाने के लिए एक बड़ा मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को दिया। पीएम ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को सामान्य आदमी के मन के विश्वास का सेतु बनना चाहिए।

हम मेहनत व जनता की सेवा से आगे बढ़े हैं। भाजपा आज इस स्थिति में इसलिए पहुंची है, क्योंकि वह हमेशा आम आदमी से जुड़ी रही है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दूसरे सत्र में गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों के द्वारा आने वाले समय में भाजपा चुनाव के संबंध में पूरा विषय रखा गया। प्रधानमंत्री ने इस पर संतोष जताया। कमल पुष्प नाम से नमो एप पर पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का विवरण दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले समय में सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास व अपनत्व को लेकर चलना होगा।

कोरोना काल का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि 19 माह में पार्टी ने महामारी के दौर में बेहतरीन सेवा कार्य किया। कार्यकर्ताओं ने सेवा की नई संस्कृति पैदा की है। केंद्रीय मंत्री यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि ज्ञान सिर्फ किताबों से नहीं मिलता। आप को लोगों से मिलना होगा, उनके अनुभव को लेना होगा। आपको आम लोगों से जुडऩा होगा, तब आपको अनुभव व तजुर्बे होंगे। पीएम ने अर्थव्यवस्था को लेकर कहा कि यह पटरी पर आ रही है। यादव ने बताया कि बैठक में महंगाई व तेल के दामों पर भी चर्चा हुई। केंद्र ने कीमतें कम कर दी हैं, भाजपा शासित राज्यों में भी वैट कम किया गया है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More