दुबई। भारत को पिछले मैच में एकतरफा अंदाज में हराने वाला न्यूजीलैंड यहां मौजूदा टी-20 विश्व कप 2021 के सुपर 12 चरण के 20वें मैच में स्कॉटलैंड पर जीत के साथ सेमीफाइनल की दावेदारी को मजबूत करना चाहेगा। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3.30 बजे खेले जाने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। न्यूजीलैंड जहां जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह में आगे बढऩा चाहेगा, वहीं स्कॉटलैंड जीत का खाता खोलना चाहेगा। भारत को पिछले मैच में एकतरफा अंदाज में हराने के बाद न्यूजीलैंड टीम बुलंद हौंसलों के साथ मैदान पर उतरेगी, जबकि स्कॉटलैंड पिछले दोनों मैचों को बुरी तरह हारने के बाद दबाव में होगा।
न्यूजीलैंड की तरफ से ट्रेंट बोल्ड, ईश सोढी और मिचेल सेंटनर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, जबकि बल्लेबाजी में डैरिल मिचेल और केन विलियमसन अच्छे फॉर्म के साथ खेल रहे हैं। दूसरी ओर स्कॉटलैंड की तरफ से कोई भी खिलाड़ी प्रभावशाली या ये कहें कि मैच विजयी प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उल्लेखनीय है कि स्कॉटलैंड सुपर 12 चरण से पहले क्वालीफायर राउंड में अपने तीनों मैच जीता था।
कल के मैच की बात करें तो स्कॉटलैंड के मूल कप्तान काइल कोएत्जर की वापसी उम्मीद है जो उंगली में चोट के कारण नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे। रिची बेरिंगटन ने उनकी जगह कप्तानी संभाली थी। हालांकि उनकी वापसी पर अनिश्चितता है। वहीं न्यूजीलैंड ने पिछले मैच में भारत को हर विभाग में मात दी थी। ट्रेंट बोल्ट और ईश सोढी ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया था। न्यूजीलैंड इस प्रदर्शन को स्कॉटलैंड के खिलाफ दोहराना चाहेगा, इसलिए वह उसी टीम के साथ खेल सकता है। दोनों टीमेें टी-20 क्रिकेट में केवल एक बार भिड़ी हैं। ओवल के मैदान पर 2009 विश्व कप के इस मैच में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को हरा दिया था। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच भी खेले गए हैं और तीनों न्यूजीलैंड ने जीते हैं।