नयी दिल्ली । केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज कानपुर-बेंगलुरू के बीच सीधी उड़ान सेवा की शुरूआत की। उन्होंने इंडिगो फ्लाइट को रवाना कर इस सेवा का शुभारंभ किया। कानपुर और मुंबई और हैदराबाद के बीच उड़ानें भी आज से शुरू हो गई हैं। इस वर्चुअल कार्यक्रम में केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (नंदी), औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, सांसद सत्यदेव पचौरी और देवेंद्र सिंह भोले भी उपस्थित थे।
श्री सिंधिया ने कहा कि यह नया मार्ग न केवल कानपुर से और कानपुर के लिए संपर्क को बढ़ाएगा बल्कि इन क्षेत्रों के बीच व्यापार, वाणिज्य और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। कानपुर न केवल देश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र है, बल्कि इसका ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व भी है। इसने 1857 में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके वस्त्र और चमड़ा उद्योग के कारण, कानपुर को पूर्व का मैनचेस्टर कहा जाता था।
तीन प्रमुख शहरों के साथ शहर के जुडऩे से वहां से विमान की आवाजाही प्रति सप्ताह 20 से बढ़कर 41 हो जाएगी, जिससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार भी पैदा होगा। जहां तक एविएशन के लिए बुनियादी ढांचे का सवाल है, 106 करोड़ रुपये की लागत से कानपुर शहर के लिए नया टर्मिनल जल्द ही निर्धारित समय के भीतर तैयार हो जाएगा।