Home » राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी खिताब पर मध्यप्रदेश ने किया कब्जा

राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी खिताब पर मध्यप्रदेश ने किया कब्जा

by Bhupendra Sahu

झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी में खेली गयी 11वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में मध्य प्रदेश और हरियाणा के बीच खेले गये संघर्षपूर्ण मुकाबले में मध्यप्रदेश ने 1-0 जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। यहां मेजर ध्यानचंद स्पोटर्स स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले में पहला गोल मध्य प्रदेश की टीम ने मैच के पहले हाफ में किया । इसके बाद हरियाणा की टीम ने कई बार प्रयास किया लेकिन गोल नहीं कर पायी। दोनों टीमों के बीच हुई कांटे की टक्कर में हरियाणा की टीम ने एक गोल खाने के बाद दमदार खेल दिखाया और मध्यप्रदेश की टीम को मिले किसी भी मौके को गोल में नहीं बदलने दिया। दोनों ही ओर से दिखाये गये शानदार अटैक और दमदार डिफेंस से मैच बेहद रोमांचक रहा । ऐसे जोरदार भिड़ंत में मध्यप्रदेश का एकमात्र गोल ही विजयी साबित हुआ और उसने खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के तीसरे स्थान के लिए पंजाब और महाराष्ट्र के बीच हुए संघर्ष में पंजाब की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए 2-0 से जीत हासिल की। इससे पहले खिताबी मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में भारी भीड़ पहुंची और मध्य प्रदेश तथा हरियाणा की टीम ने उन्हें निराश नहीं होने दिया। दोनों ही टीमों ने ऐसी जबरदस्त हॉकी का प्रदर्शन किया कि यह मैच दर्शकों के लिए पूरा पैसा वसूल मनोरंजन साबित हुआ।

वर्ष 2021-22 में हॉकी इण्डिया, नई दिल्ली के निर्धारित कार्यक्रम के अन्तर्गत बुन्देलखंड में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के लिए हॉकी उत्तर प्रदेश, जिला प्रशासन झांसी एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त समन्वय में मेजर ध्यानचन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय सीनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य अतिथि अनुराग शर्मा सांसद झॉसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र द्वारा विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार (आई.ए.एस.) द्वारा की गयी। विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक रवि शर्मा, महापौर नगर निगम रामतीर्थ सिंघल, पुलिस उपमहानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र जोगिंदर कुमार, महासचिव उत्तर प्रदेश हॉकी सह खेल निदेशक उत्तर प्रदेश डॉ़ आर पी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथि का स्वागत जिलाधिकारी द्वारा बुके भेंटकर किया गया तथा अन्य विशिष्ट अतिथिगण का मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार द्वारा बुके भेंटकर स्वागत किया गया। प़्र क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर एवं सुबोध खाण्डेकर सचिव झॉसी हॉकी द्वारा बैज अंलकृत कर अभिवादन किया। समारोह में विशेष रूप से सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा बुन्देली राई नृत्य प्रस्तुत किया, जोकि आकर्षण का केन्द्र एवं सराहनीय रहा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More