Home » यूपी में दोबारा बनेगी भाजपा सरकार, भारत को विश्व गुरु बनाना है : धर्मेंद्र प्रधान

यूपी में दोबारा बनेगी भाजपा सरकार, भारत को विश्व गुरु बनाना है : धर्मेंद्र प्रधान

by Bhupendra Sahu

कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को कानपुर पहुंचे। आगामी यूपी चुनाव को लेकर कानपुर-बुंदेलखंड के 17 जिलों के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में नए भाजपा सदस्यों को जोडऩे पर जोर दिया गया। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यूपी में दोबारा भाजपा की सरकार बनने जा रही है। कानपुर का एक गौरवशाली इतिहास है। मां गंगा के किनारे यह पावन नगरी है। बुंदेलखंड भी इससे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र पिछड़ा था,अब यहां हमारी सरकार में विकास रफ्तार पकड़ चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों के लिए तमाम कल्याणकारी योजना चलाई हैं। इस समय देश व राज्य में एक निर्णायक,ईमानदार,दमदार और सब के लिए प्रयास करने वाली सरकार काम कर रही है। वह चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की चुनाव संबंधी बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

भाजपा भाई-भतीजावाद वाली पार्टी नहीं
उत्तर प्रदेश में कुछ लोग पार्टी को ही परिवार मानते हैं। ऐसे एक नेता ने भाजपा पर टिप्पणी की। उनको बता दूं हमारा परिवार करोड़ों कार्यकर्ताओं का परिवार है। पिता,चाचा,पत्नी,भाई,भतीजावाद वाला परिवार नहीं है।कश्मीर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रवेश के बाद उनका बलिदान हुआ। डॉ. मुरली मनोहर जोशी में नेतृत्व में कश्मीर में जाने के लिए तिरंगा यात्रा निकालनी पड़ी थी। आज वहां अमित शाह जाकर भाषण देते हैं, ये हमारी उपलब्धि है।
भारत को विश्व गुरु बनाना है
हमारा लक्ष्य बहुत बड़ा है। भारत माता की सदैव जय होनी चाहिए। बहुत काम हम लोगों ने किया है अभी बहुत काम करना शेष है। हमे भारत को विश्व गुरु बनाना है। उन्होंने शहीद भगत सिंह,दीनदयाल उपाध्याय जी का उदाहरण देते हुए कहा कि हमको उनकी राह पर चलना है।
गुंडे कहते हैं- योगी बाबा माफ करो
पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के पदाधिकारियों के साथ मिशन 2022 पर मंथन शुरू हुआ। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। उन्होंने यूपी की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। कहा, पहले ऐसा भय का वातावरण था कि लोग गांव में साइकिल तक में बंदूक लेकर चलते थे। आज भाजपा ने यह वातावरण बदला है। आज गुंडागर्दी और माफियागिरी खत्म हुई है। गुंडे कहते हैं- योगी बाबा माफ करो।
हर बूथ पर 100 नए सदस्य बनाने पर जोर
प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने कहा कि हर बूथ पर कम से कम 100 नए सदस्य भाजपा बनाएगी। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान से जुडऩे के लिए मिस कॉल नहीं करने को कहा। नए सदस्यों से मिस कॉल करवा कर सदस्य बनाने को कहा। बैठक में 52 विधानसभा सीट पर जीत का फार्मूला तय किया जा रहा है। वर्तमान में भाजपा के पास 47 सीटें हैं। इस बैठक में सभी जिला अध्यक्ष, विधानसभाओं के प्रभारी के साथ सभी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष,प्रभारी और आईटी सेल के प्रमुख उपस्थित हैं। धर्मेंद्र प्रधान इस क्षेत्र की पहली बैठक कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अटल जयंती तक चलाया जाएगा सदस्यता अभियान
भाजपा सदस्यता अभियान 29 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। अमित शाह ने कल 29 अक्टूबर को सदस्यता अभियान का लखनऊ से शुभारंभ किया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More