नयी दिल्ली । रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने जेएंडके बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर बलदेव प्रकाश की तीन साल के लिए नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। प्रकाश के तीन साल की अवधि कार्यभार संभालने की तारीख या 10 अप्रैल 2022, जो भी पहले हो से शुरू होगी।
जेएंडके बैंक ने बुधवार को बीएसई को बताया कि बैंक के बोर्ड द्वारा बलदेव प्रकाश की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में नियुक्ति तथा उनके कार्यभार ग्रहण करने की वास्तविक तिथि की सूचना अलग से दी जाएगी।
जेएंडके बैंक की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, श्री प्रकाश वर्तमान में मुंबई में स्टेट बैंक (एसबीआई) के कॉर्पोरेट केंद्र में मुख्य महाप्रबंधक (डिजिटल और लेनदेन बैंकिंग विपणन विभाग) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें छोटी और बड़ी शाखाओं के प्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक, डीजीएम (व्यवसाय और संचालन), महाप्रबंधक (नेटवर्क) के रूप में काम करने का 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। उन्होंने मस्कट (ओमान) में चार साल से अधिक समय तक काम किया है।
00