Home » जय माता वैष्णो देवी की में वैष्णो देवी की मां का किरदार निभाएंगी दीपिका चिखलिया

जय माता वैष्णो देवी की में वैष्णो देवी की मां का किरदार निभाएंगी दीपिका चिखलिया

by Bhupendra Sahu

दीपिका चिखलिया मनोरंजन जगत की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं। उन्होंने रामानंद सागर की रामायण में सीता का किरदार निभाया था। रामायण में दिखने के बाद उन्हें विशेष पहचान मिली थी। अब उनके आगामी प्रोजेक्ट के बारे में अहम जानकारी सामने आई है। खबरों की मानें तो शो जय माता वैष्णो देवी की में वह वैष्णो देवी की मां महारानी विजया का किरदार निभाएंगी। प्रोड्यूसर प्रेम सागर ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। प्रेम सागर ने बताया, जी हां, दीपिका वैष्णो देवी की मां महारानी विजया का किरदार निभा रही हैं। इस किरदार के लिए वह वास्तव में हमारी स्वाभाविक पसंद थीं। ऐसा इसलिए क्योंकि वैष्णो देवी जिनकी हम आज पूजा करते हैं, वो महाकाली, महा सरस्वती और महालक्ष्मी की संयुक्त अभिव्यक्तियों द्वारा निर्मित हैं। उन्होंने आगे बताया कि सीता मां भी लक्ष्मी का अवतार हैं।

इस शो में वैष्णो देवी की भूमिका में अभिनेत्री इशिता गांगुली नजर आएंगी। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें रामायण में लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी ने इस शो में लाया है। खबरों की मानें तो मेकर्स को ऐसी अभिनेत्री की तलाश थी, जो दया और करुणा का प्रतीक हो। साथ ही उनमें एक भयानक रूप अख्तियार करने का माद्दा हो। इशिता की बड़ी आखों के कारण वह इस रोल के लिए परफेक्ट मानी जा रही हैं।

प्रेम सागर ने इससे पहले रामायण और जय श्री कृष्णा को प्रोड्यूस किया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को लेकर अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने कहा, अब मैं और मेरा बेटा शिव डॉ रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारा मानना है कि यह शो रामायण की लीगेसी को आगे ले जाएगा। मेकर्स ने इस शो की शूटिंग 45-50 दिनों की अवधि में कोरोना महामारी के दौरान उमरगांव के स्वास्तिक स्टूडियो में की है।

मेकर्स ने बताया कि इस शो को रामानंद सागर की जयंती के मौके पर 29 दिसंबर को लॉन्च किया जा सकता है। शो के प्री-प्रोडक्शन की प्रक्रिया चल रही है। रामायण के अलावा दीपिका कई फिल्मों का हिस्सा रही हैं। उन्होंने 1983 में रिलीज हुई फिल्म सुन मेरी लैला से बॉलीवुड की फिल्मों में कदम रखा था। उन्होंने घर का चिराग और खुदाई जैसी फिल्मों में भी काम किया है। उन्हें क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में भी देखा गया है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More