नयी दिल्ली। देश में खाद्य पदार्थों की कीमतों में आई कमी की वजह से इस वर्ष सितंबर में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा महंगाई दर पिछले वर्ष इसी माह के 7.27 प्रतिशत के मुकाबल 2.02 प्रतिशत घटकर 4.35 प्रतिशत पर आ गई है। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2021 में खुदरा महंगाई 4.35 प्रतिशत रही है जबकि सितंबर 2020 में यह दर 7.27 प्रतिशत रही थी। इसी तरह अगस्त 2021 में सीपीआई आधारित खुदरा मुद्रास्फीति दर 5.30 प्रतिशत रही थी।
आलोच्य अवधि में ग्रामीण स्तर की खुदरा महंगाई 7.36 प्रतिशत से कम होकर 4.13 प्रतिशत और शहरी महंगाई 7.26 प्रतिशत से घटकर 4.57 प्रतिशत रह गई है। इस वर्ष अगस्त में ग्रामीण महंगाई दर 5.28 प्रतिशत और शहरी मुद्रास्फीति 5.32 प्रतिशत रही थी। सितंबर के आंकड़े प्रोविजनल है जबकि अगस्त के लिए जारी अंतिम आंकड़े हैं।
उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों (सीएफपीआई) में आई भारी कमी की वजह से सितंबर में खुदरा महंगाई दर घटी है। सितंबर 2020 में सीएफपीआई जहां 10.68 प्रतिशत वहीं सितंबर 2021 में यह दर घटकर 0.68 प्रतिशत रह गई है। अगस्त 2021 में यह 3.11 प्रतिशत रही थी।