Home » सर्किट हाउस के पहले कमरे में ही दिखा राज गीत, मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा कहा, यह बहुत अच्छा काम है… 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत में बना है पाटन का सर्किट हाउस…मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

सर्किट हाउस के पहले कमरे में ही दिखा राज गीत, मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा कहा, यह बहुत अच्छा काम है… 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत में बना है पाटन का सर्किट हाउस…मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

by Bhupendra Sahu

दुर्ग  । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने  पाटन के सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। सर्किट हाउस 3 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से बना है। मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना के पश्चात सर्किट हाउस में प्रवेश किया। इसके हॉल में ही छत्तीसगढ़ का राज्य गीत अरपा पैरी के धार अंकित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे देखकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह कार्य आप लोगों ने बहुत अच्छा किया है। प्रदेश के राज गीत को जहां भी देखो, बहुत गौरव की भावना मन में आती है। मुख्यमंत्री ने यहां बैठक कक्ष का निरीक्षण भी किया। यह कक्ष सर्किट हाउस में छोटी बैठकों के लिए बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने इस बैठक कक्ष के नामकरण के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उपस्थित सदस्यों में किसी ने कहा कि हॉल का नाम बैठका होना चाहिए, किसी ने कहा कि हाल का नाम कुरिया होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉल का चाहे जो भी नाम रखें इसके नामकरण में हमारी मिट्टी की झलक नजर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्किट हाउस में आप लोगों ने सुंदर कलाकृति अभी लगाई है ऐसा हमारे परंपरागत घरों में होता है अपने घरों को हम सुंदर-सुंदर कलाकृतियों से सजाते हैं।

जनपद पंचायत भवन का भी किया लोकार्पण – मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जनपद पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया। इस भवन की लागत 1 करोड़ 30 लाख रुपये है। जनपद पंचायत के नए प्रशासनिक भवन के बनने से जनपद सदस्यों, अधिकारियों-कर्मचारियों के बैठने की दिक्कत दूर होगी। साथ ही यहां हितग्राहियों की भी दिक्कतें दूर होंगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि कार्यालयों में नागरिकों के लिए जितनी अधिक सुविधा बढ़ाई जाए उतना ही प्रशासन की नजदीकी नागरिकों से होती है। हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए कि जो नागरिक सरकारी कार्यालयों में आए उनका काम जल्द से जल्द हो सके। साथ ही कार्यालयों में लोगों के लिए बैठने पेयजल आदि के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनपद संसाधन केंद्र का लोकार्पण भी किया। जनपद संसाधन केंद्र एक करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बना है।
एसडीएम कार्यालय का भी किया लोकार्पण – मुख्यमंत्री ने लगभग 80 लाख रुपए की लागत से बने एसडीएम कार्यालय का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि पाटन ब्लाक में नए प्रशासनिक कार्यालय बन जाने से अधिकारियों को सुविधा होगी। साथ ही यहां आने वाले नागरिकों को भी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर ओपन कोर्ट का उद्घाटन भी किया। ओपन कोर्ट के स्थापित हो जाने से बैडमिंटन वॉलीबॉल क्रिकेट आदि खेलों के लिए युवाओं को काफी सुविधा मिल सकेगी तथा वे यहां प्रैक्टिस कर सकेंगे।
कुर्मी भवन का किया लोकार्पण- मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कुर्मी भवन का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह भवन सामाजिक जरूरतों के लिए अधिक उपयोगी हो सकेगा। पाटन में एक अच्छा भवन उपलब्ध होने से समाज के शादी-ब्याह जैसे कार्यकलापों में तो सुविधा होगी ही, साथ ही सामाजिक कार्य के लिए भी सुविधा हो सकेगी।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More