दुबई । भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम यहां दुबई के यूएई एफए स्टेडियम में खेले गए मैत्री मैच में 77वें रैंक वाली टीम ट्यूनीशिया से 1-0 से हार गई। दोनों टीमों के बीच हालांकि मुकाबला टक्कर का रहा। मैच के दूसरे ही मिनट में भारतीय महिला टीम के पास गोल करने का पहला मौका आया। मिडफील्डर मनीषा ने हमवतन दलिमा छिब्बर के क्रास पर फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी टीम की गोलकीपर मरियम बेन ससी ने अच्छा बचाव किया और भारत को बढ़त लेने से रोका।
इसके छह मिनट बाद यानी आठवें मिनट में ह्यूइज ने फ्री किक के जरिए गोल दाग कर ट्यूनीशिया को 1-0 से बढ़त दिला दी। भारतीय खिलाडिय़ों ने बढ़त को बराबर करने और फिर खुद बढ़त लेकर मैच जीतने की हर मुमकिन कोशिश की।
फॉरवर्ड प्यारी जाक्सा ने दूसरे हाफ में कॉर्नर भी अर्जित किया, हालांकि कॉर्नर से पहले बिल्ड-अप के दौरान फॉल्ट के कारण गोल को अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद पूरे मैच में भारतीय टीम ट्यूनीशिया के बचाव में सेंध नहीं लगा सकी और मैच 1-0 के स्कोर पर समाप्त हुआ।