नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने दुबई की एक वित्तीय कंपनी के माध्यम से फर्जी कंपनियां बनाकर कर बेचाने वाले देशों के माध्यम से अपने धन को भारत में लाने के मामले में महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में 37 स्थानों पर छापेमारी की है जिसमें अब तक दो करोड़ रुपये की अधोषित नकदी और आभूषण जब्त किये जाने के साथ ही 50 लॉकर भी सील किये गये हैं। विभाग ने आज यहां जारी बयान में कहा कि गत 30 सितंबर को मुंबई, पुणे, नोएडा और बेंगलुरु में यह छापेमारी की गयी। ये कंपनियां और लोग केबल निर्माण, रियल एस्टेट, टेक्सटाइल, प्रींटिंग मशीनरी , होटल और लॉजिस्टिक आदि में काम करते हैं।
विभाग ने कहा कि जांच के दौरान कई दस्तावेज, पेपर, डायरी, ईमेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं जिससे विदेशों में कई खाते होने और अचल संपत्ति का भी पता चला है। ये कंपनियां या व्यक्ति दुबई की एक वित्तीय कंपनी की सेवा लेकर मॉरीसश, संयुक्त अरब अमीरात, बीवीआई, गिब्रेटर आदि देशों में फर्जी और विदेशी कंपनियां तथा न्यास बनाकर अपनी अघोषित संपत्ति रखे हुये हैं।
दुबई कंपनी द्वारा 10 लाख डॉलर करीब 750 करोड़ रुपये की संपत्तियों का प्रंबधन किया जा रहा है जो कई दशकों से हैं।ये राशि स्विटजरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और कई अन्य देशों के बैंक खाते में जमा है। इस राशि का उपयोग कर ये लोग ब्रिटेन, पुर्तगाल और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में संपत्तियां अर्जित की है। इसके साथ ही ये लोग विदेशों में रखी राशि को अपनी भारतीय इकाइयों में भी हस्तातंरित किये हैं।