Home » महेश मांजरेकर की फिल्म व्हाइट में हो गई तब्बू की एंट्री?

महेश मांजरेकर की फिल्म व्हाइट में हो गई तब्बू की एंट्री?

by Bhupendra Sahu

अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर ने कुछ ही समय पहले अपनी फिल्म व्हाइट का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर शेयर कर इसकी घोषणा की थी। अब खबर है कि उन्होंने अपनी इस फिल्म के लिए हीरोइन का चयन भी कर लिया है। महेश ने खुद यह खुलासा किया है कि व्हाइट के लिए हमेशा से उनकी पहली पसंद तब्बू रही हैं और उनकी जगह इसमें कोई नहीं ले सकता। रिपोर्ट के मुताबिक महेश मांजरेकर 2010 से व्हाइट की कहानी दर्शकों के बीच पेश करने की सोच रहे हैं और अब वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह अस्तित्व के बाद दूसरी बार किसी महिला केंद्रित फिल्म पर काम कर रहे हैं। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली पत्नी की कहानी है, जिसकी इच्छाएं और महत्वकांक्षाएं बेहद गहरी हैं। महेश ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह इस शानदार फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।

महेश ने बताया, जब मैंने तब्बू को इस फिल्म की कहानी सुनाई, वह हैरान रह गईं। उन्होंने मुझसे बस यही कहा, महेश, क्या मैं इस फिल्म के साथ न्याय कर सकती हूं? इस किरदार को पर्दे पर उतारना बेहद मुश्किल है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि महेश मांजरेकर व्हाइट में तब्बू के अलावा किसी अन्य अभिनेत्री को लेने के बारे में सोच तक नहीं सकते। उन्होंने इसकी कहानी तब्बू को ध्यान में रखकर ही लिखी थी।
महेश ने पिछले महीने इंस्टाग्राम पर अपनी इस फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने लिखा था, मैं लगभग एक दशक से इस कहानी के साथ जी रहा हूं और अब आखिरकार व्हाइट को अपना रंग मिल गया है। दो फिल्म निर्माता संदीप और राज शांडिल्य मेरे ड्रीम प्रोजेक्ट को बनाने में मेरे साथ शामिल हुए हैं। उन्होंने मुझपर भरोसा दिखाया है, इसके लिए मैं काफी उत्साहित हूं। यह फिल्म अगले साल दशहरे के मौके पर रिलीज हो सकती है।
फिल्म अस्तित्व में भी महेश मांजरेकर ने तब्बू के साथ काम किया था। 6 फरवरी, 2000 को यह फिल्म रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी के साथ-साथ तब्बू के अभिनय को भी दर्शकों ने बेहद सराहा था। फिल्म में तब्बू के साथ सचिन खेडेकर नजर आए थे। फिल्म में तब्बू ने अदिति पंडित नाम की एक खुशहाल शादीशुदा महिला का किरदार निभाया था। फिल्म में सचिन उनके पति बने थे, जो श्रीकांत पंडित की भूमिका में थे।
तब्बू जल्द ही फिल्म भूल भुलैया 2 में नजर आएंगी। इसके जरिए वह पहली बार कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी के साथ काम कर रही हैं। दृश्यम 2 के हिंदी रीमेक में वह एक बार फिर अजय देवगन के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकती हैं। इसके अलावा तब्बू फिल्म कुत्ते में अर्जुन कपूर, नसीरुद्दीन शाह और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकारों के साथ काम कर रही हैं। तब्बू मलयालम फिल्म भीष्म पर्वम में भी मेहमान भूमिका निभा रही हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More