Home » मकैनिक टीवी की एएसडीसी से साझेदारी

मकैनिक टीवी की एएसडीसी से साझेदारी

by Bhupendra Sahu

नयी दिल्ली। ऑटोमोटिव मैकेनिकों के लिए टीई आफ्टरमार्केट कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की स्किल-टेक की पहल, मैकेनिक टीवी ने आज ऑटोमोटिव स्किल्स डेवलपमेंट काउंसिल (एएसडीसी) से रणनीतिक साझेदारी की। इसके तहत भारत का पहला पूरी तरह ऑनलाइन बीएस 6 टू-व्हीलर ट्रेनिंग कोर्स हिंदी में शुरू किया जाएगा। कोर्स के 1 नवंबर 2021 से लाइव होने की उम्मीद है। ऑटो-आफ्टरमार्केट में ऑटो पार्ट्स की दुकानें, स्वतंत्र रूप से कार्यरत वर्कशॉप और पार्ट्स निर्माता शामिल हैं। इन तीनों में स्वतंत्र रूप से कार्यरत आफ्टरमार्केट में मैकेनिकों के कौशल विकास पर बहुत जोर देने की आवश्यकता देखते हुए मैकेनिक टीवी और एएसडीसी की साझेदारी की गई है। इससे दोनों पक्षों को क्षेत्रीय भाषाओं में उच्च गुणवत्ता के प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन प्रोग्राम आरंभ करने में मदद मिलेगी और अधिक से अधिक संख्या में मैकेनिक अपने स्मार्टफोन पर मैकेनिक टीवी एंड्रॉइड एप्लिकेशन से इसका लाभ लेंगे।
इस साझेदारी पर मैकेनिक टीवी के सह-संस्थापक राजीव राधाकृष्णन ने कहा, ”मैकेनिक टीवी ने बहुत सोच-समझ कर तकनीकी विषयों का विकास किया है। अब तक पूरे देश के हजारों टू-व्हीलर मैकेनिक केवल मैकेनिक टीवी पर उपलब्ध बीएस 6 के ट्रेनिंग वीडियो की सहायता से बीएस 6 बाइक की सर्विसिंग करने में सक्षम हुए हैं। एएसडीसी से साझेदारी के बाद हमारे ट्रेनिंग कोर्स की संरचना और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय होगी। हमें उम्मीद है हम अगले 12 महीनों में 10,000 टू-व्हीलर मैकेनिक्स को यह कोर्स उपलब्ध कराएंगे। आने वाले समय में हम एएसडीसी की मदद से ट्रेनिंग के उम्मीदवारों के लिए इस तरह की उच्च गुणवत्ता के साथ और भी प्रशिक्षण सामग्री तैयार कर पाएंगे।
एएसडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरिंदम लहिरी ने कहा, ”मैकेनिक टीवी से इस साझेदारी को लेकर हम बहुत उत्साहित हैं। दुपहिया-वाहन मैकेनिकों को आज जो कौशल स्तर की ज़रुरत है, उसमे और उनके वर्तमान स्तर के बीच अंतर है. इस साझेदारी का लक्ष्य उस अंतर को कम से कम करना है। वे इस तरह की मोबाइल-लर्निंग कोर्स की मदद से वाहनों के सिस्टम और कम्पोनेंट की समस्याओं को आसानी से समझेंगे और उन्हें सुलझाएंगे। इस तरह नई तकनीक सीख कर और उत्सर्जन (या एमिशन) सिस्टम को समझ कर वे अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा दे पाएंगे। एएसडीसी में हम मैकेनिक टीवी की मदद से मैकेनिकों का तकनीकी कौशल बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। मुझे विश्वास है कि एएसडीसी की मैकेनिक टीवी से यह साझेदारी लंबी चलेगी और यह परस्पर लाभ का अटूट रिश्ता बनेगा।
शुरुआत में मैकेनिक टीवी-एएसडीसी साझेदारी के तहत नवीनतम इंजन वाले वाहनों के पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे। आगे इलेक्ट्रिक वाहनों और उनसे जुड़े अन्य सिस्टम्स, जैसे चार्जिंग पॉइंट्स इत्यादि, की सर्विसिंग के लिए भी ऐसे ही मोबाइल-लर्निंग कोर्सेज दोनों पक्ष मिल कर विकसित करने की उम्मीद रखते हैं। ये स्वतंत्र रूप से आफ्टरमार्केट में कार्यरत मैकेनिकों को इलेक्ट्रिक गाडिय़ों को भी सेवा देने में सक्षम बनाएगा।
मैकेनिक टीवी ऑटोमोटिव मैकेनिकों के लिए भारत का सबसे बड़ा स्वतंत्र स्किल-टेक प्लेटफॉर्म है और आधुनिक टूव्हीलरों और कारों की सर्विसिंग के लिए हिंदी में वीडियो के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण देता है। यह एप्लिकेशन अप्रैल में लॉन्च किया गया और पूरे भारत में लगभग 50,000 मैकेनिक इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More