राजनांदगांव ( आर.एन.रामाराव )। गत 15 दिन पूर्व सोमनी में दुकान के सामने खाली जमीन पर सामान रखने के विरोध में व्यापारी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस द्वारा एक पखवाड़े बाद भी गिरफ्तार नही कर पाई है। आरोपी खुलेआम पूरे शहर में घूम रहा है और रात को घर में रहता है पुलिस द्वारा इस मामले की जांच करने की बात तो कही जा रही है लेकिन ऐसे मामले में पुलिस के अधिकारियों को चाहिए कि वे इस प्रकार के मामले को संज्ञान में लेकर पीडि़त को शीघ्र न्याय दिलाने का कार्य करें।
उल्लेखनीय है कि गत 4 सितंबर को मुकेश जैन पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी भावेश साहू के दुकान के पास ही मेडिकल स्टेार संचालित करता है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ सोमनी पुलिस ने धारा 307 सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
मुकेश जैन ने पुलिस को बताया कि मुकेश ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। जिसके सामने काफी खाली जगह पड़ी है। जहां वह अपनी दुकान का सरिया रखता था। कल्याणी मेडिकल स्टोर्स के संचालक भावेश साहू उक्त खाली जगह में अपनी कार पार्किंग करना चाह रहा था। लेकिन सरिया रखा देख उसने गाली गलौज शुरू कर दी। दोनों के बीच कहा सुनी हुई। इसके बाद आक्रोशित भावेश साहू ने सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें मुकेश के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वे अब भी अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे है।
पूर्व सीएम डॉ. रमन पहुंचे हॉस्पिटल, मुकेश के इलाज के लिए डॉक्टरों से की चर्चा
मुकेश ट्रेडर्स के संचालक मुकेश जैन पर गत 4 सिंतबर को हुए जानलेवा हमला होने और मुकेश के बूरी तरह घालय हो जाने पर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में पहुंचकर घायल मुकेश जैन का हालचाल जाना एवं उचित ईलाज के लिए डॉक्टरों को निर्देशित किया।
व्यापारी मुकेश जैन पर सब्बल से भावेश साहू द्वारा जानलेवा हमला करने के मामले में जांच करने और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जांच टीम बना ली गई है। शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी हो जायेगी।
प्रज्ञा मेश्राम,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव