वरुण धवन की पिछली फिल्में भले ही दर्शकों की कसौटी पर खरी नहीं उतरीं, लेकिन इससे उनकी लोकप्रियता पर कोई असर नहीं हुआ है। वरुण के खाते से एक से बढ़कर एक फिल्में जुड़ी हुई हैं और अब तो वरुण डिजिटल की दुनिया में भी अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं। वह प्रियंका चोपड़ा की अमेरिकी ड्रामा सीरीज सिटाडेल के हिंदी वर्जन में अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं। इस बारे में और क्या जानकारी मिली है, आइए जानते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, वरुण धवन ने अमेजन प्राइम वीडियो की अंतरराष्ट्रीय वेब सीरीज सिटाडेल का हिंदी वर्जन साइन कर लिया है। फिलहाल सिटाडेल की शूटिंग लंदन में चल रही है। इस सीरीज में प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं। अब इसके हिंदी वर्जन में वरुण धवन मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। हिंदी वर्जन के लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी सुपरहिट वेब सीरीज द फैमिली मैन बना चुके राज और डीके को सौंपी गई है।
रिपोर्टों में कहा गया है कि अगले साल की शुरुआत में इसकी शूटिंग शुरू होगी। जल्द ही एक्शन एडवेंचर सीरीज सिटाडेल के हिंदी वर्जन और इसमें काम कर रहे कलाकारों के नाम की घोषणा की जाएगी। हिंदी वर्जन की शूटिंग पूरी तरह से भारत में ही होगी। बताया जा रहा है कि वरुण इस सीरीज से जुड़कर बेहद खुश हैं। यह उनकी पहली वेब सीरीज है। ऐसे में वह इसे लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साहित हैं।

बात करें सिटाडेल की तो प्रियंका चोपड़ा इस साल की शुरुआत से इस सीरीज की शूटिंग के सिलसिले में लंदन में हैं। इसमें वह एक जासूस की भूमिका निभा रही हैं। प्रियंका इस थ्रिलर वेब सीरीज में गेम्स ऑफ थ्रोन्स के स्टार रिचर्ड मैडन और पेड्रो लिएंड्रो के साथ नजर आएंगी। यह अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। यह प्रियंका की भी पहली वेब सीरीज है। एवेंजर्स एंडगेम के रूसो ब्रदर्स इस स्पाई थ्रिलर सीरीज को बना रहे हैं।
वरुण हॉरर कॉमेडी फिल्म भेडिय़ा में मुख्य भूमिका निभाएंगे। दिनेश विजान की इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री कृति सैनन दिखाई देंगी। वरुण जल्द ही फिल्म रणभूमि में नजर आएंगे। इस एक्शन ड्रामा फिल्म के निर्देशन की कमान शशांक खेतान संभाल रहे हैं, वहीं, करण जौहर फिल्म के निर्माता हैं। वरुण फिल्म सनकी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। वह निर्देशक मोहित सूरी की एक एक्शन फिल्म में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं।