Home » पहली बार सात देशों के वाटर स्पोट्र्स खिलाड़ी दिखायेंगे अपना हुनर

पहली बार सात देशों के वाटर स्पोट्र्स खिलाड़ी दिखायेंगे अपना हुनर

by Bhupendra Sahu

भोपाल। भोपाल के बड़े तालाब में पहली बार सात देशों के वाटर स्पोट्र्स खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। नवम्बर माह में म.प्र. राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी में बिम्सटेक यूथ वाटर स्पोट्र्स प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की अध्यक्षता में राज्य-स्तरीय क्रियान्वयन समिति की उच्च-स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। खेल मंत्री सिंधिया ने बताया कि बिम्सटेक वाटर स्पोट्र्स प्रतियोगिता में सात देश नेपाल, भूटान, म्यांमार, थाईलैण्ड, बांग्लादेश, श्रीलंका एवं भारत देश भाग लेंगे। इसमें याटिंग, कयाकिंग-केनोइंग तथा रोइंग की प्रतियोगिताएँ होंगी। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोट्र्स में भोपाल की अपनी एक अलग पहचान है और यहाँ पर कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ पूर्व में आयोजित की गई हैं। वर्ष 2003 में एशियन कयाकिंग-केनोइंग, ओपन अंतर्राष्ट्रीय वाटर स्पोट्र्स प्रतियोगिता, जिसमें 13 देशों ने भागदारी की थी। श्रीमती सिंधिया ने बताया कि पूर्व में यह आयोजन मार्च-2020 को निर्धारित था, कोरोना के कारण इसे स्थगित किया गया था।

प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण गुलशन बामरा ने जानकारी दी कि बिम्सटेक यूथ वाटर स्पोट्र्स प्रतियोगिता में सात देशों के लगभग 142 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त लगभग 42 सपोर्टिंग स्टॉफ भी शामिल होंगे। प्रत्येक देश से याटिंग में 4 पुरुष एवं 4 महिला तथा कयाकिंग-केनोइंग तथा रोइंग में 3-3 पुरुष एवं महिला (प्रत्येक खेल) प्रतिभागी होंगे।
बैठक में विदेशी खिलाडिय़ों के आवास एवं भोजन व्यवस्था, खिलाडिय़ों, तकनीकी ऑफिसर, रेफरी, जज, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टॉफ के भत्ते एवं मानदेय, सुरक्षा आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर अवर सचिव विदेश मंत्रालय, राकेश तिवारी, प्रमुख सचिव नगरीय विकास मनीष सिंह, संचालक खेल एवं युवा कल्याण पवन जैन, कलेक्टर भोपाल अविनाश लवानिया, उप महानिरीक्षक भोपाल इरशाद वली सहित अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद थे।
बे ऑफ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एण्ड इकोनॉमिक कॉर्पोरेशन की स्थापना वर्ष 1997 में की गई थी, जिसमें भारत, श्रीलंका, नेपाल, भूटान, थाइलैण्ड, म्यांमार और बांग्लादेश शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि चौथे बिम्सटेक समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी प्रतिनिधियों को भारत में वाटर स्पोट्र्स मीट के लिये आमंत्रित किया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More