नई दिल्ली (एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर के कनाचक इलाके में पुलिस ने एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। इस ड्रोन से पांच किलो आईईडी भी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि ड्रोन को भारतीय सीमा के छह किलोमीटर अंदर मार गिराया गया है। बीते कई दिनों से भारतीय सीमा में ड्रोन देखे जा रहे हैं। इन्हें सीमा पार से भेजा जा रहा है। खुफिया एजेंसियां पहले ही अंदेशा जता चुकी हैं कि आतंकी ड्रोन के जरिए किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हैं। सुरक्षाबलों ने भी इस चुनौती से निपटने के लिए रणनीति बनाई है और माना जा रहै कि हा यह ड्रोन जिसे मार गिराया गया ये उसी का नतीजा है।
आईजी जम्मू, मुकेश सिंह ने कहा कि ड्रोन से हथियार गिराए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। जिसको लेकर सुरक्षाबल अलर्ट पर थे। हमने ड्रोन को मार गिराया है। जिसके जरिए भेजी गई आईईडी बरामद कर ली गई है। यह आईईडी किसी स्थान पर प्लांट की जानी थी। जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
आईजी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में ड्रोन के जरिए भेजे गईं 16 एके-47 राइफल, तीन एम-4 राइफल, 34 पिस्टल और 18 आईईडी बरामद हुई हैं। एक दो ड्रोन ऐसे थे जिनके जरिए पैसा भेजा गया, जिससे 4 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा ड्रोन के जरिए जम्मू और कश्मीर संभाग में धमाका और हथियार गिराने की साजिशें रच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जम्मू एयरफोर्स स्टेशन के पास एटी ड्रोन सिस्टम लगाया गया है। साथ ही 15 अगस्त पर किसी प्रकार की अनहोनी न हो इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है। एडीजीपी, जम्मू संभाग ने कहा कि यह जीपीएस के साथ एक हेक्साकॉप्टर(ड्रोन) था। फ्लाइट कंट्रोलर का सीरियल नंबर पिछले साल कठुआ में मिले ड्रोन से अलग है। इसे चीन और ताइवान के उपकरणों से बनाया गया है।