शासकीय विद्यालयों के नामांकन में 32.4 प्रतिशत की वृद्धि सशक्त हो रहे भरोसे का परिचायक
वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 1 करोड़ 45 लाख विद्यार्थियों के नामांकन का है लक्ष्य
विकासखंड स्तर पर लगेंगे बुक फेयर, निजी स्कूलों के बच्चों को भी मिलेंगी सस्ती पुस्तकें
“स्कूल चले हम” अभियान बच्चों को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास
राज्य सरकार विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए संकल्पित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नव प्रवेशित स्कूली बच्चों का पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने शासकीय स्कूलों में ड्राप आउट की संख्या शून्य करने पर स्कूल शिक्षा विभाग को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने बच्चों को नि:शुल्क साइकिल और पुस्तकें की वितरित
बच्चों को पुन: प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करने वाले शिक्षक और अभिभावक हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री ने राज्यस्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम-2026 का किया शुभारंभ
भोपाल के मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टी.टी. नगर में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश के विकास के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में कदम से कदम मिलाकर चल रही है। प्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक “स्कूल चले हम” अभियान चलेगा और बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासकीय स्कूलों में ड्रॉप आउट की संख्या शून्य करने पर स्कूल शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे वर्ष 2025-26 में कुल नामांकन में 19.6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में भी 32.4 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की गई है। यह शासकीय स्कूलों पर बढ़ते विश्वास का परिचायक है। राज्य सरकार ने मौजूदा सत्र में स्कूलों में 1 करोड़ 45 लाख नामांकन करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 369 भव्य सांदीपनि विद्यालयों की शुरुआत की गई है, जो देश में सबसे अच्छे स्कूल हैं। मध्यप्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पीएमश्री स्कूल भी आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में महती भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल में राज्य स्तरीय प्रवशोत्सव कार्यक्रम-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क साइकिलें और पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं एवं उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।