Home » पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल अंतागढ़ एवं मावा मोदोल लाइब्रेरी का राजस्व सचिव ने किया निरीक्षण, अच्छी व्यवस्थाओं की हुई सराहना

पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल अंतागढ़ एवं मावा मोदोल लाइब्रेरी का राजस्व सचिव ने किया निरीक्षण, अच्छी व्यवस्थाओं की हुई सराहना

by Bhupendra Sahu

कांकेर  छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं खाद्य विभाग के सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज अंतागढ़ स्थित पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल और मावा मोदोल लाईब्रेरी एवं नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। पीएमश्री हायर सेकेण्डरी स्कूल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब, मीडिया लैब, रिटेल लैब, केमिस्ट्री लैब, फिजिक्स लैब, बायोलॉजी लैब, पुस्तकालय एवं शौचालय सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव श्रीमती कंगाले ने परिसर में हरियाली बढ़ाने, स्कूल परिसर के मध्य शेड निर्माण कराने तथा बरामदे में पेवर ब्लॉक लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं बिजली की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली, जिस पर कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर ने 100 एमबीपीएस की इंटरनेट स्पीड उपलब्ध होने की जानकारी दी।

सचिव श्रीमती कंगाले ने विद्यार्थियों को वेयरहाउस, बैंकिंग प्रणाली एवं क्रेडिट एक्सेस के बारे में जानकारी प्रदान करने तथा उन्हें बैंकों का भ्रमण कराने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर कलेक्टर ने उन्हें जिले में स्थापित किए जाने वाले फाइनेंस लैब की जानकारी देते हुए बताया कि इससे छात्रों को भविष्य में वित्तीय ज्ञान प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि पीएमश्री स्कूल अंतागढ़ में वर्तमान में कुल 967 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिसमें हिन्दी माध्यम से 268 और अंग्रेजी माध्यम से 699 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे है। स्कूल निरीक्षण के पश्चात उन्होंने मावा मोदोल लाइब्रेरी अंतागढ़ का भी निरीक्षण किया।

यहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद किया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। दूरस्थ अंचल के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना भी की। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने मावा मोदोल कोचिंग सेंटर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कांकेर जिले में 04 क्रमशः कांकेर, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल और अंतागढ़ में मावा मोदोल निःशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिले से इस वर्ष यहां के 20 युवाओं ने सीजीपीएससी प्री परीक्षा उत्तीर्ण की है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, एसडीएम श्री राहुल राजक, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More