नई दिल्ली । हवाई सफर करने वाले यात्रियों और एयरलाइंस कंपनियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। विमानन ईंधन यानी एटीएफ (्रञ्जस्न) की कीमतों को लेकर तेल मार्केटिंग कंपनियों ने चंद घंटों के भीतर ही एक बड़ा यू-टर्न ले लिया है। पहले तेल कंपनियों ने एटीएफ के दामों में 100 फीसदी से भी ज्यादा का भारी-भरकम इजाफा कर दिया था, जिससे हवाई सफर अचानक काफी महंगा होने की आशंका पैदा हो गई थी। लेकिन इसके तुरंत बाद सरकार ने इस मामले में सख्त हस्तक्षेप किया, जिसके प्रभाव से कंपनियों को पीछे हटना पड़ा और अब इस बढ़ोतरी को घटाकर महज 8 फीसदी कर दिया गया है।
100 फीसदी की भारी बढ़ोतरी के बाद 8 फीसदी पर आया इजाफा
तेल मार्केटिंग कंपनियों के इस अचानक लिए गए फैसले ने पूरे एविएशन सेक्टर में खलबली मचा दी थी। शुरुआत में एटीएफ के दाम 96 हजार रुपये से बढ़ाकर सीधे 2.7 लाख रुपये प्रति किलोलीटर कर दिए गए थे। यह एक अप्रत्याशित और चौंकाने वाली वृद्धि थी, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब और हवाई किरायों पर पडऩा तय माना जा रहा था। हालांकि, सरकारी दखलंदाजी के बाद कंपनियों ने राहत देते हुए अपनी कीमतों को संशोधित किया और अब इस कीमत को घटाकर लगभग 1.04 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के करीब कर दिया गया है।
महानगरों में अब लागू होंगी एटीएफ की ये संशोधित कीमतें
इस बड़े यू-टर्न के बाद देश के प्रमुख महानगरों में एटीएफ की नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। नई दरों के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में अब एटीएफ की कीमत 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। इसी तरह कोलकाता में इसका दाम 1,09,450 रुपये और चेन्नई में 1,09,873 रुपये प्रति किलोलीटर तय किया गया है। वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बात करें तो वहां विमानन ईंधन की कीमत इन चारों महानगरों में सबसे कम यानी महज 98,247 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है।
00