Home » सरगुजा ओलम्पिक 2026 : तीन दिवसीय संभागस्तरीय आयोजन का शानदार समापन

सरगुजा ओलम्पिक 2026 : तीन दिवसीय संभागस्तरीय आयोजन का शानदार समापन

by Bhupendra Sahu

रायपुर सरगुजा ओलम्पिक 2026 के संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का शानदार समापन सोमवार को पीजी कॉलेज ग्राउण्ड अम्बिकापुर में हुआ। समापन समारोह में भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित श्री बाइचुंग भूटिया शामिल हुए। उन्होंने खिलाडियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं आज यहाँ सिक्किम से आप सभी खिलाड़ियों में जोश की भावना सिंचित करने आया हूं। आप सबको मैं एक ही मैसेज देना चाहता हूं कि आप लोग लगन के साथ कड़ी मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी। मुझे खुशी है कि छत्तीसगढ़ शासन खेलों को विशेष प्राथमिकता दे रही है। इसका असर हमें जरूर दिखेगा और छत्तीसगढ़ के युवा खेलों में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मैं भी ट्राइबल लड़का हूँ और सिक्किम के छोटे से गाँव से आता हूं। वहाँ से निकलकर मुझे भारत के लिए खेलने का मौका मिला है, यह मैटर नहीं करता कि आप कहां से हैं जबकि आपकी प्रतिभा और मेहनत आपको आगे लेकर जाती है। मुझे भरोसा है कि आने वाले समय मे छत्तीसगढ़ से भी बहुत से खिलाड़ी ओलम्पिक मेडल लेकर आएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं, वहीं शासन प्रशासन को धन्यवाद दिया।

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसी काम को पूरा करने में अगर पूरी जुनून, लगन और अनुशासन हो, तो निश्चित ही आपको सफलता मिलेगी। हमारी छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को अवसर दिया है, आज छत्तीसगढ़ के हर कोने से खिलाड़ी निकलकर आ रहे हैं। आपको जो प्लेटफार्म मिला है, इसका भरपूर उपयोग करें और आगे आएं। हमें गर्व होता है कि सरगुजा अंचल में ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जो राष्ट्रीय मंच पर अपना एक जलवा बिखेर चुके हैं। निश्चित ही आने वाले समय में भी इन खेलों के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ी भी देश के लिए मेडल जीतकर लाएंगे। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलम्पिक का सफल आयोजन आज यहां सम्पन्न हुआ। यह सरगुजा सम्भाग के खिलाडियों के लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर इस पूरे आयोजन में मिला है। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलम्पिक में 12 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं है, हमारा प्रयास रहेगा कि आगामी आयोजन में सरगुजा जिले के अन्य पारम्परिक खेलों को भी इसमें शामिल किया जाए। उन्होंने सभी जिलों से आए खिलाडियों को बधाई दी तथा विजेता खिलाड़ियों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 मार्च से अब खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का शुरुआत होगा जिसमें रायपुर सहित बस्तर सरगुजा में भी खेल आयोजित होंगे।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने समापन समारोह में सरगुजा ओलम्पिक 2026 के पूरे आयोजन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने सरगुजा ओलम्पिक के शानदार सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, सरगुजा सम्भागायुक्त श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं कोच उपस्थित रहे।

समापन समारोह में जशपुर एवं बलरामपुर के मध्य रस्साकशी का हुआ जबरदस्त मुकाबला-

समापन समारोह में जशपुर एवं बलरामपुर की महिला खिलाड़ियों के बीच रस्साकशी का प्रदर्शनात्मक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के प्रतिभागियों ने जीत के लिए ज़ोर लगाया, खींचा- तानी के बीच जशपुर की टीम विजेता रही। विजेता घोषित होने के साथ ही पूरा ग्राउण्ड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

ये रहे विजेता-
बालिका वर्ग (17 वर्ष से कम आयुवर्ग)- एथेलेटिक्स (100 मीटर) में जशपुर की रिया तिर्की, एथेलेटिक्स (200 मीटर) में कोरिया की सिमरन सिंह, एथेलेटिक्स (400 मीटर) में सूरजपुर की रिया, एथेलेटिक्स (लंबी कूद) में सरगुजा की महिला सिंह, एथेलेटिक्स (ऊंची कूद) में सूरजपुर की प्रियंका, एथेलेटिक्स (शॉटपुट) में सरगुजा की संध्या लकड़ा, एथेलेटिक्स (डिस्कस थ्रो) में बलरामपुर की कशिश, एथेलेटिक्स (जैवलिन थ्रो) में सूरजपुर की मोनिका राजवाड़े, एथेलेटिक्स (4 गुना 100 मी रिले) में कोरिया की आस्था, रीमा, संगीता एवं प्रमिला, तीरंदाजी 30 मी एकल में सरगुजा की स्नेहा, तीरंदाजी 50 मी एकल में सरगुजा की स्नेहा, बैडमिंटन सिंगल में कोरिया की श्रद्धा, बैडमिंटन डबल में कोरिया की श्रद्धा घोष एवं देवाशी पटेल, कुश्ती 55 किग्रा में सरगुजा की सूर्यमणि, कुश्ती 62 किग्रा में सूरजपुर की सरस्वती, कुश्ती 68 किग्रा में सरगुजा की ज्योति पण्डो, कराते (42-47 किग्रा) में सरगुजा की दिव्या राजवाड़े एवं कराते (53-59 किग्रा) में सरगुजा की संगीता सिंह विजेता रहीं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More