Home » रिकॉर्ड कमाई के बावजूद इस बैंक ने 2500 कर्मचारियों को निकाला, क्या एआई छीन रहा नौकरियां?

रिकॉर्ड कमाई के बावजूद इस बैंक ने 2500 कर्मचारियों को निकाला, क्या एआई छीन रहा नौकरियां?

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । अमेरिका की प्रमुख निवेश बैंकिंग कंपनी मॉर्गन स्टेनली ने अपने वैश्विक कर्मचारियों में से करीब 2,500 लोगों की छंटनी की है। यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 3 प्रतिशत बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह छंटनी मार्च की शुरुआत से शुरू हुई है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह छंटनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी किसी सुधार प्रक्रिया के कारण नहीं की गई है, बल्कि इसके पीछे कंपनी की बदलती व्यावसायिक प्राथमिकताएं, वैश्विक स्तर पर नई लोकेशन रणनीति और कर्मचारियों के प्रदर्शन की समीक्षा जैसे कारण बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह छंटनी बैंक के तीन बड़े डिवीजन-इंस्टिट्यूशनल सिक्योरिटीज, वेल्थ मैनेजमेंट और इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट-में की गई है। इससे फ्रंट-ऑफिस, राजस्व से जुड़े पदों और बैक-ऑफिस भूमिकाओं पर असर पड़ा है, हालांकि वित्तीय सलाहकारों को इस फैसले से बाहर रखा गया है।
फिलहाल मॉर्गन स्टेनली ने इस रिपोर्ट पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इससे पहले भी पिछले साल वसंत में कंपनी ने करीब 2,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
दिलचस्प बात यह है कि यह छंटनी ऐसे समय में हुई है जब कंपनी ने 2025 में रिकॉर्ड 70.6 अरब डॉलर की सालाना आय दर्ज की है। वहीं साल की अंतिम तिमाही में कंपनी की आय में 47 प्रतिशत की तेज वृद्धि देखी गई। 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी के 40 से अधिक देशों में कुल 82,992 कर्मचारी काम कर रहे थे।
हाल ही में जारी अपनी एक रिपोर्ट में मॉर्गन स्टेनली ने कहा था कि नौकरियों पर एआई का लंबी अवधि का असर उतना गंभीर नहीं हो सकता जितना लोग मान रहे हैं। कंपनी के अनुसार कुछ नौकरियां जरूर ऑटोमेट होंगी, लेकिन अधिकांश कर्मचारी पूरी तरह बेरोजगार नहीं होंगे। कई लोग नए प्रकार की नौकरियों में शिफ्ट हो सकते हैं, जिनमें से कुछ भूमिकाएं अभी अस्तित्व में भी नहीं हैं। बैंक का मानना है कि एआई काम करने के तरीके को बदलेगा, लेकिन नौकरियों को पूरी तरह खत्म नहीं करेगा।
इसी बीच, जैक डोर्सी द्वारा स्थापित पेमेंट कंपनी ब्लॉक ने भी हाल ही में एआई से जुड़े बदलावों के चलते अपने कर्मचारियों की संख्या लगभग आधी करने की घोषणा की है। कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या 10,000 से घटाकर करीब 6,000 करने की योजना बना रही है।
टेक उद्योग के कई विशेषज्ञों का मानना है कि कंप्यूटर आधारित अधिकांश व्हाइट-कॉलर नौकरियां अगले 12 से 18 महीनों में ऑटोमेशन की ओर बढ़ सकती हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More