Home » टी-20 विश्व कप 2026: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया, जीता लगातार 5वां मैच

टी-20 विश्व कप 2026: वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया, जीता लगातार 5वां मैच

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 107 रन से करारी शिकस्त दी। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254/6 का स्कोर बनाया। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी। मौजूदा टूर्नामेंट में यह वेस्टइंडीज की लगातार 5वीं जीत है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 54 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर (85) और रोवमैन पॉवेल (59) ने अर्धशतक लगाए। आखिर में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। जवाब में जिम्बाब्वे ने 52 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। निचले क्रम में ब्रैड इवांस (43) ने अच्छी पारी खेली और अपनी टीम के हार के अंतर को कम किया।
वेस्टइंडीज टी-20 विश्व कप के इतिहास में 250+ रन बनाने वाली सिर्फ दूसरी टीम बनी। बता दें कि इस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज से बड़ा स्कोर सिर्फ श्रीलंका क्रिकेट टीम (260/6 बनाम केन्या, 2007) ने बनाया है। इस सूची में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर आयरलैंड (235/5 बनाम ओमान, 2026) के नाम पर दर्ज है। इसके साथ-साथ यह जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 में बनाया गया सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड भी है।
यह वेस्टइंडीज की रनों के लिहाज से टी-20 विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी जीत साबित हुई। बता दें कि कैरेबियाई टीम की सर्वोच्च जीत 134 रन (बनाम युगांडा, 2024) की है।
हेटमायर को 9 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर जीवनदान मिला। मुजरबानी की गेंद पर मुसेकिवा ने हेटमायर का कैच छोड़ा। उन्होंने जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया और शुरुआती पावरप्ले में रिचर्ड नगारवा के ओवर में 4 चौके लगाते हुए अपने आक्रामक इरादे जाहिर किए। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। मुसेकिवा ने 70 के स्कोर पर फिर से हेटमायर का कैच छोड़ा। आखिरकार वह 34 गेंदों में 85 रन (चौके-7, छक्के-7) बनाकर आउट हुए।
वेस्टइंडीज ने जब 54 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब पॉवेल क्रीज पर आए। शुरुआती में संभलकर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 21 गेंदों में 20 रन बनाए। क्रीज पर टिकने के बाद इस बल्लेबाज ने रन गति में इजाफा किया और 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 35 गेंदों पर 59 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 4 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए।
पॉवेल ने हेटमायर के साथ मिलकर 122 रन की साझेदारी भी की। यह टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए किसी भी विकेट की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। बता दें कि इस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज से सबसे बड़ी साझेदारी क्रिस गेल और डेवोन स्मिथ ने (145 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007) ने की थी। इस सूची में दूसरी सर्वोच्च साझेदारी आंद्रे फ्लेचर और गेल (133 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया 2009) की है।
मोती ने डायोन मायर्स को बोल्ड करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। बाएं हाथ के स्पिनर ने अपने तीसरे ओवर में लगातार 2 गेंदों पर सिकंदर रजा और ताशिंगा मुसेकिवा का शिकार किया। इसके बाद उन्होंने अपने चौथे ओवर के दौरान टोनी मुनयोंगा को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 28 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए। उनके अलावा अकील हुसैन ने भी 3 विकेट चटकाए।
इस बड़ी जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम का नेट रन रेट +5.350 हो गया है। सुपर-8 ग्रुप-1 में कैरेबियाई टीम अंक तालिका में फिलहाल शीर्ष पर पहुंच गई हैं। एक ही मैच जीतने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम +3.800 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में भारतीय टीम तीसरे और जिम्बाब्वे फिलहाल चौथे पायदान पर है। इन दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मैच हारे हैं।
इस मैच में कुल 31 छक्के लगे, जो टी-20 विश्व कप में किसी भी मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 2014 संस्करण में नीदरलैंड और आयरलैंड के बीच हुए मैच में कुल 30 छक्के लगे थे।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More