दुर्ग। नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग के संचालक मंडल के 12 में से 9 डायरेक्टर पदों के लिए 14 फरवरी को हुए चुनाव में रुंगटा पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं परिवर्तन पैनल को एक सीट से संतोष करना पड़ा। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने गाजे-बाजे के साथ जश्न मनाया।
इन प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
घोषित परिणाम के अनुसार सामान्य वर्ग से मनोज ताम्रकार (56 वोट), ज्ञानेश्वर ताम्रकार (55 वोट), कमल नारायण रुंगटा (51 वोट), संजय सिंह (49 वोट), पवन कुमार जैन (बड़जात्या) (49 वोट) और राजेश यादव (45 वोट) विजयी रहे। महिला वर्ग के आरक्षित पद पर सुनीता अग्रवाल (51 वोट) और नीलू देवांगन (50 वोट) ने जीत हासिल की। पिछड़ा वर्ग के आरक्षित पद पर तेजबहादुर बंछोर (50 वोट) विजयी घोषित किए गए।
अन्य प्रत्याशियों में वेंकट साई शास्त्री राव (43), अखिलेश मिश्रा (43), अंबर ताम्रकार (41), मंगल प्रसाद गुप्ता (37), दिनेश कुमार मारोटी (30), पदम ताम्रकार (41) और संध्या तिवारी (41) को पराजय का सामना करना पड़ा।
तीन पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन
सनदी लेखाकार (चार्टर्ड अकाउंटेंट) के लिए आरक्षित दो पदों पर श्रीपाल कोठारी और अरविंद चंद सुराना तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित एक पद पर श्रीमती वसुंधरा चौरे पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।
91 सदस्यों ने किया मतदान
मतदान प्रक्रिया श्री गुर्जर क्षत्रिय गुजराती समाज भवन, मोतीपारा में संपन्न हुई। कुल 96 प्रत्यायुक्त सदस्यों में से 91 ने मतदान में हिस्सा लिया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ। पूरी प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवाशीष दास की देखरेख में संपन्न हुई।
रुंगटा पैनल की इस जीत के बाद बैंक की नई कार्यकारिणी को लेकर उत्साह का माहौल है।