Home » नक्सल छाया से नवोदय की रोशनी तक… जब कलेक्टर ने विद्यार्थियों में भरा जोश

नक्सल छाया से नवोदय की रोशनी तक… जब कलेक्टर ने विद्यार्थियों में भरा जोश

by Bhupendra Sahu

छोटे गांवों के बड़े सपने नवोदय में गूंजा हौसले का संदेश
कलेक्टर अमित कुमार पहुंचे नवोदय विद्यालय पेंटा, बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए छात्रों को किया प्रोत्साहित

सुकमा, 15 फरवरी 2026/शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए दोरनापाल पहुंचे कलेक्टर ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पेंटा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। स्वागत के दौरान बच्चों द्वारा स्वयं बनाए गए आकर्षक सेल्फ मेड पोर्ट्रेट कलेक्टर को भेंट किए गए। यह दृश्य न केवल आत्मीय था, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का प्रमाण भी था।
प्रतिभा को मिला सम्मान, संघर्ष को मिली पहचान
कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्तर पर अंतरविद्यालयीन खेलों में जिले का नाम रोशन करने वाले दो विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही घोर नक्सल प्रभावित गांव पुवर्ती से निकलकर नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत छात्र माड़वी अर्जुन को विशेष रूप से सम्मानित किया। यह सम्मान केवल एक छात्र का नहीं, बल्कि उस जज्बे का था जो विपरीत परिस्थितियों में भी सपनों को जिंदा रखता है।
मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का संदेश
अपने प्रेरक संबोधन में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरे मनोयोग से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आपके पास सुनहरा अवसर है। बेहतर प्रदर्शन कर आप अपने माता-पिता और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। बार-बार रिवीजन करें, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें और कभी निराश न हों। जीवन में निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन विद्यार्थियों के साथ खड़ा रहेगा। बच्चों को प्रेरित करने के लिए उन्होंने विश्व पिस्टल शूटिंग चौंपियन कैरोलिन की संघर्षगाथा सुनाई। विद्यार्थियों ने बड़े ध्यान और उत्साह से उस कहानी को सुना, जिसने उनके मन में आत्मविश्वास की नई ऊर्जा भर दी।
संसाधनों का अवलोकन, व्यवस्थाओं का आश्वासन
कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। क्लासरूम, लैब, म्यूजिक रूम, आर्ट रूम, लाइब्रेरी और स्टाफ रूम का अवलोकन करते हुए उन्होंने उपलब्ध संसाधनों की सराहना की। विशेष रूप से स्मार्ट क्लास में लगे प्रोजेक्टर की प्रशंसा करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक विद्यार्थियों की पढ़ाई को और प्रभावी बनाएगी। विद्यालय परिसर में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन भी उन्होंने दिया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्यार्थियों के साथ साझा किया भोजन
दौरे के अंत में कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ भोजन ग्रहण किया। यह क्षण प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच आत्मीय संबंध का प्रतीक बना। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय मंडल ने कलेक्टर के आगमन को गौरवपूर्ण बताया और विश्वास जताया कि छोटे-छोटे गांवों से निकलकर यही बच्चे भविष्य में अपने माता-पिता और जिले का नाम रोशन करेंगे।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्राचार्य नवोदय श्री संजय मंडल, जिला शिक्षाधिकारी श्री जीआर मंडावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शिवदास नेताम, जनसंपर्क अधिकारी श्री सुखसागर वारे, तहसीलदार श्री योपेंद्र पात्रे, विकासखंड शिक्षाधिकारी श्री पी श्रीनिवास राव, प्रोग्राम कॉर्डिनेटर श्री श्याम कुमार रामावत सहित सभी शिक्षकगण और छात्र उपस्थित थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More