नईदिल्ली। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना शानदार फॉर्म घरेलू क्रिकेट में भी जारी रखा है। इस खिलाड़ी ने मुंबई क्रिकेट टीम के लिए खेलते हुए हरियाणा क्रिकेट टीम के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार शतकीय पारी (101) खेली। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। यशस्वी के टी-20 करियर का यह चौथा शतक रहा। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
यशस्वी ने 50 गेंदों का सामना किया और 101 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 16 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 202 की रही। उन्होंने अजिंक्य रहाणे के साथ पहले विकेट के लिए 19 गेंदों में 53 रन जोड़े। इसके बाद सरफराज खान के साथ 37 गेंदों में 88 रन की साझेदारी निभाई। सरफराज ने मैच में सिर्फ 25 गेंदों का सामना किया और 64 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 3 छक्के निकले।
यशस्वी ने अब तक 120 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 116 पारियों में लगभग 34 की औसत से 3,667 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक के अलावा 23 अर्धशतक भी निकले हैं। यशस्वी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन रहा है। लिस्ट-्र क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 36 मैचों की 36 पारियों में 54.25 की औसत से 1,682 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इस प्रारूप में 203 रन रहा है।
यशस्वी ने भारत के लिए 23 टी-20 खेले हैं। इसकी 22 पारियों में 36.15 की औसत और 164.31 की स्ट्राइक रेट से 723 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा है।
मैच में हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 234/3 का स्कोर बनाया था। कप्तान अंकित कुमार ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 89 रन बनाए थे। निशांत सिंधु ने 38 गेंदों का सामना किया और 63 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 17.3 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। यशस्वी और सरफराज के अलावा रहाणे ने सिर्फ 10 गेंदों का सामना करते हुए 21 रन बनाए।