Home » सियान जतन क्लीनिक योजना से 4 हजार से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित

सियान जतन क्लीनिक योजना से 4 हजार से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित

by Bhupendra Sahu

– ऑस्टियोअर्थराइटिस कार्यक्रम के तहत 14 शिविरों में 1 हजार से अधिक मरीजों का हुआ सफल उपचार
– राष्ट्रीय आयुष कार्यक्रम से ग्रामीणों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मोहला। राज्य सरकार और आयुष विभाग के निरंतर प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों तक पहुँच रहा है। आयुक्त आयुष रायपुर के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. शिल्पा मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत संचालित आस्टियोअर्थराइटिस कार्यक्रम मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जोड़ो के दर्द से पीड़ित मरीजों को आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है।
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आयुष चिकित्सक डॉ. श्वेता साहू और डॉ. रश्मि कुंभकार की टीम द्वारा प्रतिमाह निकटवर्ती ग्रामों में चार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इसके साथ ही औषधालयों में नियमित ओपीडी सेवाएँ भी संचालित हैं। आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश सोनी ने बताया कि इस सत्र में अब तक कुल 14 शिविरों में 1हजार 234 मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया है। इस कार्यक्रम से मरीजों में दर्द से राहत और स्वास्थ्य सुधार के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इसी क्रम में सियान जतन क्लीनिक योजना के तहत जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। जिले के सात आयुष औषधालयों जिसमें चार आयुर्वेद एवं तीन होम्योपैथी औषधालय में प्रत्येक गुरुवार को 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों का निःशुल्क इलाज किया जाता है। इसमें वात रोग, उदर रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य बुजुर्गावस्था जनित रोगों का उपचार किया जा रहा है। डॉ.दिनेश सोनी ने बताया कि इस योजना के माध्यम से अब तक 4 हजार 277 वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं।

इन दोनों योजनाओं ने न केवल मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया है, बल्कि आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास और जागरूकता को भी बढ़ावा दिया है। वर्तमान में आयुष विभाग का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाकर स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More