योजना का लाभ उठाने ग्रामीणों से की अपील
सुकमा भारत सरकार नवीन एवं नवीकरण ऊर्जा मंत्रालय के द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन एवं लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने हेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में यह शिविर सोमवार को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तत्वाधान में पुराना कलेक्ट्रेट परिसर सुकमा में लगाया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी उपस्थित थी। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सूर्यभारती मुफ्त बिजली योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है जिसका लाभ लेकर आप मुफ्त में बिजली प्राप्त कर सकते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य घरेलू प्रयोजन वाले समस्त कनेक्शन धारकों का बिजली बिल शून्य करना है। इसमें शासन के द्वारा इकाई स्थापित करने पर अनुदान राशि भी दी जाती है। इसके साथ ही यह योजना 10 वर्षों के लिए न्यूनतम ईएमआई में भी उपलब्ध है। योजना का लाभ लेने हेतु पीएम सूर्यघर वेब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आप सभी अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठावें। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के जिला अधिकारी श्री जे केरकेट्टा, जिला खेल अधिकारी श्री विरूपाक्ष पौराणिक तथा अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।