Home » भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

by Bhupendra Sahu

मुख्यमंत्री ने दिया लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का शगुन
राज्य सरकार बहनों के कल्याण के लिए निरंतर है सक्रिय
प्रत्येक लाड़ली बहना को 250 रुपए राखी का शगुन मिलाकर मिले 1500 रूपए
रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को मिली 1859 करोड़ की बड़ी सौगात
उज्जवला योजना में 28 लाख से अधिक बहनों को 43.90 करोड़ सहायता राशि का अंतरण
अब तक लाड़ली बहनों को वितरित हुये 41 हजार करोड़ रूपये
कुरावर में प्रारंभ होगा शासकीय महाविद्यालय
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में हुआ लाड़ली बहना योजना का राज्यस्तरीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंहगढ़ में बहनों के साथ मनाया रक्षाबंधन

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अमिट रिश्ते का प्रतीक है, जो सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि नारी गरिमा और सामाजिक सुरक्षा का भी संदेश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता है कि हर रिश्ता परिभाषित और पूज्यनीय होता है। उन्होंने द्रौपदी और श्रीकृष्ण की रक्षाबंधन कथा का उल्लेख करते हुए इसे भाई-बहन के रिश्ते की शक्ति का प्रतीक बताया, जहाँ श्रीकृष्ण ने जीवनभर द्रौपदी की रक्षा का संकल्प निभाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बहनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरूवार को राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख 89 हजार लाड़ली बहनों के खातों में 1,859 करोड़ रुपए अंतरित किये। साथ ही उज्जवला योजना के अंतर्गत 28 लाख से अधिक बहनों को 43.90 करोड़ सहायता राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरण भी किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और कन्या-पूजन कर किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हजारों साल से भारतीय कुटुम्ब परंपरा में सभी रिश्तों का महत्व है। भांजी का विवाह करना, बेटी का विवाह करने से बढ़कर माना गया है। भारतीय संस्कृति में भांजे-भांजियों को अपने बच्चों से बढ़कर माना जाता है। बहनों की राखी और आशीर्वाद से शक्ति मिलती है। भारतीय संस्कृति में भाइयों ने सदैव बहनों की रक्षा की जैसे महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की रक्षा की थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व से देश में आतंकी घटनाएं बंद हो गई हैं। ऑपरेशन सिंदूर चलाकर दुश्मन को खत्म किया है। भाई अपनी जान की परवाह किए बिना बहन के सिंदूर की रक्षा करते हैं। बहनों का सुहाग उजाड़ने वालों को सबक सिखाया। इस बार 15 अगस्त ऑपरेशन सिंदूर के नाम होगा। जब देश सुरक्षित रहेगा तो भाई-बहन का रिश्ता सुरक्षित रहेगा। दुनिया के 200 से अधिक देशों में कोई देश को माता की तरह नहीं मानता है। हम अपने देश को माता की तरह देखते हैं। इसीलिए भारत माता की जय बोलते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने लाड़ली बहनों को दी जा रही राशि 1000 से बढ़ाकर अब 1250 रुपए हो चुकी है। इसे आगे 3 हजार रुपए तक लेकर जाएंगे। राज्य सरकार ने अब तक 41 हजार करोड़ से अधिक राशि लाड़ली बहनों को बांटी है। प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनें हैं। गुना-शिवपुरी बाढ़ आपदा के निरीक्षण करने के दौरान वहां बहनें अपने दुख भूलकर हाथों में थालियां लिए खड़ी थीं। नरसिंहगढ़ में भी बहनों के स्नेह की अभिव्यक्ति देखने को मिली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अगस्त में 250 रुपए के शगुन के साथ 1500 रुपए भेजे जा रहे हैं। दीपावली के बाद लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपए दिए जाएंगे। अगले तीन साल में 2028 तक 3000 रुपए बहनों के खाते में आएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प से स्वसहायता समूह की कई बहनें लखपति हो गई हैं। राज्य सरकार बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने पर 6 हजार रुपए की सहायता देगी। भाईयों को भी 5 हजार की सहायता देंगे। बहनों के लिए कार्यस्थल पर हॉस्टल बना रहे हैं। बहनों को गौपालन योजना के अंतर्गत 35 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंहगढ़ के बैजनाथ धाम के जीर्णोद्धार की घोषणा की। धाम परिसर के चार भव्य द्वारा भी निर्मित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुरावर में छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षाकी बेहतर व्यवस्था के लिए शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा। क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए नेवज नदी को पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना से जोड़ा जाएगा। निकट भविष्य में राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ और ब्यावरा भी मेट्रोपोलिटन सिटी का हिस्सा होंगे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More