नईदिल्ली। फिनटेक कंपनी क्रेड ने 3.5 अरब डॉलर के घटे हुए वैल्यूएशन पर 7.5 करोड़ डॉलर (लगभग 620 करोड़ रुपये) की फंडिंग जुटाई है। कुणाल शाह की कंपनी ने यह निवेश सिंगापुर के वेल्थ फंड जीआईसी की अगुवाई में हासिल की है। पिछली बार 2022 में इसका वैल्यूएशन 6.4 अरब डॉलर था, जो अब 45 प्रतिशत कम हो गया है।
सीरीज- जी फंडिंग राउंड में आरटीपी कैपिटल, सोफिना और खुद शाह की कंपनी क्यूईडी इनोवेशन लैब्स ने भी पैसा लगाया है।
क्रेड का राजस्व 71 प्रतिशत बढ़कर 2,397 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन घाटा भी 22 प्रतिशत बढ़कर 1,644 करोड़ पहुंच गया।
कंपनी ने इस नुकसान के बावजूद अपने प्रोडक्ट्स और सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम किया है। फंडिंग का उपयोग नई पेशकश, तकनीकी निवेश और सुपर ऐप बनने की दिशा में किया जाएगा।
कंपनी आने वाले समय में आईपीओ की योजना भी बना रही है, इसलिए यह निवेश अहम माना जा रहा है।
क्रेड ने जनवरी, 2025 में भारतीय रिजर्व बैंक के साथ मिलकर देश का पहला सीबीडीसी आधारित डिजिटल वॉलेट लॉन्च किया।
नवंबर, 2024 में क्रेड गेराज के जरिए बीमा क्षेत्र में भी कदम रखा। मई, 2025 में कंपनी ने पुरानी कार बेचने के लिए कार्स24 और स्पिनि के साथ साझेदारी की।
म्यूचुअल फंड, क्रेडिट स्कोर टूल्स और पर्सनल लोन जैसे कई ऑफर भी पेश किए। कंपनी लगातार अपने प्लेटफॉर्म को नया रूप दे रही है।
००
