Home » वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन गिनीज विश्व रिकॉर्ड से बढ़ेगा नृत्य साधकों का मान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन गिनीज विश्व रिकॉर्ड से बढ़ेगा नृत्य साधकों का मान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

by Bhupendra Sahu

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ईश्वर की साधना को समर्पित वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन गिनीज विश्व रिकॉर्ड से नृत्य साधकों का मान बढ़ेगा। यह देश की संस्कृति और नृत्यसाधको के लिए गौरव का क्षण है। सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और विश्व पटल पर उपलब्धि दर्ज करने का यह सर्वोत्तम साधन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खजुराहो में 51वें खजुराहो नृत्य समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गिनीज विश्व रिकॉर्ड से पूरी दुनिया भारत की विविध और समृद्ध संस्कृति से प्रकाशमान होगी। 24 घंटे 9 मिनट 26 सेकंड तक 139 नृत्य कलाकारों की अविरल साधना से बना विश्व रिकॉर्ड न सिर्फ कला साधकों का हौसला बढ़ाएगा बल्कि शासन के संस्कृति और विरासत को सहेजने के प्रयासों को भी गति देगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती पावन और पवित्र है। यहाँ पत्थर भी चमकता है तो हीरा कहलाता है। मनुष्य चमकता है तो बुंदेला कहलाता है। वैसे ही बुंदेलखंड में नृत्य होता है तो वह अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह कहलाता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शास्त्रीय नृत्यों का सृजन भगवान की साधना के लिए किया गया है। जैसे कथकली में भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला, जीवन और गतिविधियों को दिखाया जाता है। इसी तरह भगवान नटराज ने तांडव नृत्य और आनंद नृत्य का सृजन किया है। आज बने गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड से शास्त्रीय नृत्य की सतत प्रस्तुति से समय की निरंतरता को भी प्रदर्शित किया है। जिस तरह ब्रह्मांड में आकाशगंगा ब्लैक होल की ओर बढ़ती है और सौरमंडल में सूर्य एवं अन्य गृह अपनी गति से चलायमान है। समय को परमात्मा का स्वरूप माना गया है। इसलिए समय का सदुपयोग जीवन में सबसे आवश्यक है।

कथक, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति से बना रिकॉर्ड

गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने का शुभारंभ 19 फरवरी, 2025 को दोपहर 2:34 बजे आरम्भ हुआ, जिसे 20 फरवरी, 2025 दोपहर 2:43 बजे तक नृत्यसाधकों की निरंतर प्रस्तुति से अंजाम तक पहुँचाया गया। इसके परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश के नाम एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड रच दिया गया। संस्कृति विभाग द्वारा संयोजित गतिविधि में 139 नृत्य कलाकारों ने प्रतिभागिता की और निरंतर 24 घंटे 9 मिनट तक कथक, भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, ओडिसी नृत्यों की प्रस्तुति दी। वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) की अंतिम प्रस्तुति भरतनाट्यम की थी। गिनीज टीम द्वारा इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड घोषित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रमाण-पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष सभी 139 नृत्य कलाकारों ने नृत्य की समवेत प्रस्तुति तराना ‘अनंत’ को प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी और सांसद खजुराहो श्री वी.डी. शर्मा एवं अन्य जन-प्रतिनिधियों ने गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ग्रुप फोटो खिंचवाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खजुराहो नृत्य समारोह की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में संस्कृति को सहेजने और उसे विश्व पटल पर अंकित करने के प्रयास किए जा रहे है। इन्हीं प्रयासों के क्रम में यह 6वां गिनीज विश्व रिकॉर्ड बना है। राज्य मंत्री श्री लोधी ने अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह के उद्देश्य और आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन बुंदेलखंड की धरती का गौरव हैं। आज बना गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड शासन के संस्कृति और कला को सहेजने के नवाचार और पहल का परिणाम है। इससे सभी कलाप्रेमियों का उत्साह बढ़ेगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More