सोल। दक्षिण कोरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति यून सुक-योल को अधिकारियों ने बुधवार को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। वह देश के पहले ऐसे राष्ट्रपति बन गए हैं, जिन्हें अल्पकालिक मार्शल लॉ लागू करने के कारण गिरफ्तार किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, भ्रष्टाचार जांच कार्यालय (सीआईओ), राष्ट्रीय जांच कार्यालय (एनओआई) और रक्षा मंत्रालय के जांच मुख्यालय से बनी एक संयुक्त जांच इकाई ने एक संक्षिप्त नोटिस में कहा कि यून सुक-योल को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:33 बजे गिरफ्तार किया गया।
टीवी फुटेज में दिखाया गया कि गिरफ्तार यून को लेकर आने वाले वाहन मध्य सोल स्थित उनके आवास से बाहर निकले, जहां से उन्हें सोल के दक्षिण में ग्वाचियोन स्थित सीआईओ कार्यालय में पूछताछ के लिए ले जाया गया। इसके बाद, उन्हें कार्यालय से केवल 5 किमी दूर उइवांग स्थित सियोल डिटेंशन सेंटर में हिरासत में ले लिया गया।