रायपुर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में क्षेत्रीय सरस मेला का समापन हुआ। वहीं आज छत्तीसगढ़ में दान लेन-देन का प्रसिद्ध छेरछेरा पर्व के अवसर पर सरस छेरछेरा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी, रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। मंत्रीद्वय ने प्रदेषवासियों को छेरछेरा पर्व बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मंत्रीद्वय द्वारा इस मौके पर 38.17 करोड़ रूपए लागत की 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। सरस मेले में महिला समूहों द्वारा 01 करोड़ रुपए की विभिन्न उत्पादों की बिक्री की गई। महिला समूहों द्वारा मेले के समापन तक 99 लाख 97 हजार 200 रुपये की बिक्री हुई थी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने 2800 रुपये की खरीदी की जिससे आंकड़ा 01 करोड़ रुपए पहुंच गया।
मंत्री नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कला एवं संस्कृति बहुआयामी है। यहां हमें कई प्रकार के लोक नृत्य, जातियां, लोक कला, मेले, भाषा, शिल्प और विशेष व्यंजन देखने को मिलते हैं। प्रदेश में यहां के आभूषणों, वस्त्रों का विशेष स्थान है जो यहां की संस्कृति को और अधिक प्रभावशाली एवं समृद्ध बनाती हैं। प्रदेश की महिला स्व सहायता से जुड़ी महिलाएं राज्य की संस्कृति को सहेजने के साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त बन रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार भी छत्तीसगढ़ को विरासत में मिली इस संस्कृति को संजोए रखने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। इससे महिला समूहों के आत्मविश्वास को बल मिल रंहा है। इसी का उदाहरण सरस मेला में देखने को मिल रहा है। कृषि मंत्री श्री नेताम ने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ को एक मॉडल स्टेट बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में बेहतर नीतियों से हमारी सरकार के द्वारा जन-जन तक लाभ पहुंचाया जा रहा है और गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पहली बार आयोजित सरस मेले ने प्रदेश के हस्तशिल्प एवं संस्कृति से जन-जन को जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मेले में महिला समूहों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभायी है। दस दिनों में 1 करोड़ रुपए की बिक्री महिला समूहों द्वारा की गई है। यह बड़ी उपलब्धि है इसके लिए सभी समूहों को बहुत बधाई। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आगे कहा कि पिछले एक साल में क्षेत्र के विकास के लिए बहुत से कार्य प्रारंभ किए गए है। गरीबों के लिए आवास निर्माण का कार्य पूरी तेजी के साथ हो रहा है। सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से कराया जा रहा है।