Home » बाणसागर महाविद्यालय अब कहलायेगा शहीद गोविंद प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बाणसागर महाविद्यालय अब कहलायेगा शहीद गोविंद प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

by Bhupendra Sahu

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों की शहादत को नमन करते हुए शासकीय महाविद्यालय बाणसागर ब्यौहारी का नामकरण शहीद गोविन्द प्रसाद मिश्रा के नाम पर करने की घोषणा की। साथ ही उनकी धर्मपत्नी को शासकीय नौकरी देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जनकल्याण पर्व अन्तर्गत शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में 31.68 करोड़ रूपये लागत के 22 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 320.7 करोड़ रूपये लागत के 40 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितलाभ भी वितरित किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का परचम पूरे विश्व में लहरा रहा है। देश आर्थिक समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहा है। इंग्लैंड को पीछे छोड़ भारत देश आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द द्वारा कहा गया था कि 21वीं सदी भारत की होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इसे चरितार्थ करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री श्री मोदी के “हर हाथ को काम, हर खेत को पानी, जल ही जीवन” के मूल मंत्र से जोड़ा जाएगा। हमारे लिए यह हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री 17 दिसंबर को पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना और 25 दिसम्बर को बुंदेलखंड क्षेत्र में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं से मालवा और बुंदेलखंड के हर खेत तक पानी पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रेरणा से “मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान” चलाया जा रहा है। 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में घर-घर सर्वे कर शासकीय योजनाओं से वंचित रहे पात्र नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनकल्याण पर्व में प्रत्येक दिन प्रदेशवासियों को विकास कार्यों की सौगातें मिल रही हैं। इन सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने उपस्थित जन-प्रतिनिधियों को संकल्प दिलाया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में सहभागिता करें, जिससे कोई भी पात्र हितग्राही योजना के हितलाभ से वंचित न रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More