राजनांदगांव । खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में शासन द्वारा धान खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। धान खरीदी उत्सव में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होने से किसानों में हर्ष व्याप्त है। जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले में धान खरीदी का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

ग्राम सुरगी की कृषक श्रीमती प्रतिभा साहू धान उपार्जन केन्द्र सुरगी धान की ब्रिकी के लिए आयी हुई थी। उन्होंने बताया कि टोकन तुहर दुआर एप द्वारा ऑनलाईन के माध्यम से टोकन मिलने पर बहुत सुविधा मिली और एक ही बार में पूरा धान की बिक्री हो जाने से समय की बचत हुई है। उन्होंने बताया कि धान उपार्जन केन्द्र सुरगी में बहुत अच्छी व्यवस्था है और धान की बिक्री करने में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है। ग्राम सुरगी के ही कृषक कन्हैया लाल निर्मलकर ने बताया कि वे 56 क्विंटल धान की बिक्री के लिए आए हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही हैै। जिससे किसानों की उन्नति होगी। उन्होंने कहा कि बचत राशि का उपयोग कृषि कार्य में करेंगे और कृषि भूमि सुधार का कार्य भी करेंगे। किसान ने कहा कि सरकार की यह योजना किसानों के लिए लाभकारी योजना है और इससे किसानों को बहुत फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभारी हूं और इससे निश्चित ही किसानों की उन्नति होगी।