रायपुर कोरबा स्थित टीपी नगर में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास मेला समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के समग्र विकास की परिकल्पना को केन्द्र व राज्य सरकार मिलकर साकार कर रही है। हमारा संकल्प था कि छत्तीसगढ़ राज्य को ’’हमने बनाया है – हम ही संवारेंगे’’ और आज यह संकल्प तेजी के साथ पूरा हो रहा है। प्रदेश में विकास के हर मोर्चे पर व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबी को निकट से देखा है, उन्होंने गरीबों के दर्द को समझा तथा गरीबों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कराया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत देश में 04 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं, वहीं 03 करोड़ परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में 60 हजार पक्के आवास बनाए जा चुके हैं तथा वर्तमान में 27 हजार हितग्राहियों के खाते में आवास की पहली किश्त के रूप में राशि डाली जा चुकी है। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले, इसके लिए हमारी सरकार बनी तो मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शपथ ग्रहण के दूसरे ही दिन प्रदेश में 18 लाख आवासगृहों के निर्माण की स्वीकृति पर हस्ताक्षर कर दिए। उन्होंने आगे कहा कि मोदी की सभी गारंटी तेजी के साथ पूरी की जा रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने योजना के हितग्राहियों को नवीन आवास स्वीकृत पत्र, पूर्ण आवासगृहों की चाबी, वन अधिकार पट्टा सहित अन्य सामग्रियों का वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने की।