रायपुर। राजधानी के रायपुर दक्षिण विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। रायपुर दक्षिण से पूर्व सांसद सुनील सोनी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। सुनील सोनी ने अपना नामांकन ले लिया है। वहीं कांग्रेस पार्टी में अब भी मंथन चल रहा है। कांग्रेस पार्टी से पूर्व महापौर व वर्तमान निगम सभापति प्रमोद दुबे का नाम सबसे आगे है और संभवत: कांग्रेस पार्टी उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर सकती है। प्रमोद दुबे के अलावा कांग्रेस से सन्नी अग्रवाल, कन्हैय्या अग्रवाल, व युकां अध्यक्ष आकाश शर्मा के नामों पर भी चर्चा की जा रही है।
बता दें लोकसभा चुनाव में बृजमोहन अग्रवाल की जीत के बाद रायपुर दक्षिण की सीट खाली हुई है। इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। चुनाव आयोग के अनुसार रायपुर दक्षिण विधानसभा में उप चुनाव 13 नवंबर 2024 को होगा। वहीं 23 नवंबर 2024 को परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर, नामवापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर, उपचुनाव की तारीख 13 नवंबर और मतगणना 23 नवंबर को है। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव होगा। यहां पर 13 नवंबर को उप चुनाव होगा। 23 नवंबर को मतगणना होगी।
जानिए कैसा रहा सुनील सोनी का राजनीतिक सफर
सुनील सोनी ने अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत छात्र नेता के रूप में की थी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से जुड़े और दुर्गा कॉलेज रायपुर छात्रसंघ के अध्यक्ष बने। सुनील सोनी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े हैं। 28 नवंबर 1961 में जन्मे सुनील सोनी पहली बार रायपुर निगम के पार्षद बने। इसके बाद साल 2003 से 2010 तक दो बार रायपुर के महापौर रहे। साल 2019 में भाजपा ने सुनील सोनी को रायपुर लोकसभा से टिकट दिया और वे जीत कर पहली बार सांसद बने। अब सुनील सोनी को रायपुर दक्षिण विधानसभा से प्रत्याशी बनाया गया है। सुनील सोनी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।