Home » 15 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी तापसी पन्नू की दोबारा

15 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर आएगी तापसी पन्नू की दोबारा

by Bhupendra Sahu

अभिनेत्री तापसी पन्नू की थ्रिलर फिल्म दोबारा बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को जुटाने में असफल रही थी। अनुराग कश्यप के निर्देशन की यह फिल्म 19 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी। आज फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। यह फिल्म 15 अक्टूबर को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। मेकर्स तो यही उम्मीद लगाए बैठे होंगे कि फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म के दर्शकों का प्यार मिलेगा।
नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर दोबारा की ओटीटी रिलीज डेट घोषित की है। नेटफ्लिक्स ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, समय की यात्रा की संभावना के साथ तूफानी मौसम देखिए। तापसी ने साइंस फिक्शन थ्रिलर दोबारा में अपने अतीत, वर्तमान और भविष्य के रहस्यों को सुलझाया है। फिल्म 15 अक्टूबर को केवल नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी। थिएट्रिकल रिलीज के डेढ़ महीने बाद फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किया जा रहा है।

संभवत: सिनेमाघरों में फिल्म के खराब प्रदर्शन के कारण ही इसे जल्दी नेटफ्लिक्स पर रिलीज करने का विचार किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अब तक भारत में मात्र 5.35 करोड़ रुपये ही कमाए हैं। पहले दिन फिल्म केवल 0.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई थी। ओपनिंग वीकेंड आते-आते फिल्म ने अपने खाते में 2.98 करोड़ रुपये जोड़े थे। इस प्रकार यह फिल्म सिनेमाघरों में पैसा वसूल नहीं कर पाई।
फिल्म की शुरुआत एक जियोमैगनेटिक तूफान आने की खबर के साथ होती है। अंतरा (तापसी) तूफान के समय टीवी के जरिए 26 साल पहले के एक बच्चे, अनय से मिलती है। वह अनय को उस दुर्घटना के बारे में बताती है, जिसमें उसकी मौत होने वाली है। इस तरह वह उसकी जान बचा लेती है। अतीत बदलने के कारण अंतरा का वर्तमान भी बदल जाता है। नए वर्तमान में उसके लिए सबकुछ बदल जाता है।
अनुराग कश्यप की दोबारा स्पैनिश ड्रामा मिराज से प्रेरित है। यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी। हालांकि, निर्माताओं ने फिल्म के मिराज से किसी संबंध पर आधिकारिक बात नहीं कही है।
दोबारा में तापसी के साथ अभिनेता पावेल गुलाटी भी नजर आए हैं। हिमांशी चौधरी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। मशहूर फिल्म निर्माता एकता कपूर ने इसका निर्माण किया है। इस फिल्म को प्रोड्यूस करने में शोभा कपूर, सुनिर खेत्रपाल और गौरव बोस ने भी अपना हाथ बंटाया है। अनुराग और तापसी ने तीसरी बार इस फिल्म के लिए हाथ मिलाया। इससे पहले दोनों ने मनमर्जियां और सांड की आंख में एक साथ काम किया था।
आने वाले दिनों में नेटफ्लिक्स पर कई अहम प्रोजेक्ट्स आने वाले हैं। गन्स ऐंड गुलाब्स में राजकुमार राव और दुलकर सलमान नजर आएंगे। इस सीरीज को दिवाली के मौके पर रिलीज किया जा सकता है। राजकुमार की फिल्म मोनिका, ओ माय डार्लिंग नेटफ्लिक्स पर नवंबर में रिलीज होगी। सान्या मल्होत्रा की फिल्म कटहल भी दिवाली के मौके पर नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो सकती है। हाल में फिल्म का टीजर सामने आया था।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More