Home » वनांचल में विकास का नया सवेरा : पहली बार बिजली से जगमगाया कटेमा गांव

वनांचल में विकास का नया सवेरा : पहली बार बिजली से जगमगाया कटेमा गांव

by Bhupendra Sahu

रायपुर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से खैरागढ़ जिले के वनांचल क्षेत्र के ग्राम कटेमा ने विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘पीएम-जगुआ योजना’ के अंतर्गत आजादी के बाद पहली बार इस सुदूर वनांचल गांव को मुख्य विद्युत ग्रिड से जोड़ा गया है। वर्षों से लालटेन और ढिबरी के सहारे जीवन यापन कर रहे 27 परिवारों के घरों में जैसे ही बिजली का पहला बल्ब जला, पूरा गांव खुशी और उत्साह से झूम उठा। ग्रामीणों के लिए यह क्षण किसी उत्सव से कम नहीं था।

इस महत्वपूर्ण विद्युतीकरण कार्य के तहत विद्युत विभाग द्वारा दुर्गम वनांचल क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन एवं लगभग 1 किलोमीटर लंबी निम्नदाब (LT) लाइन का विस्तार किया गया। साथ ही ग्रामीणों की विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया है।

यह कार्य कलेक्टर श्री इंद्रजीत चन्द्रवाल एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर के विशेष मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार पूर्ण किया गया। कार्यपालक निदेशक श्री शैलेट तथा अधीक्षण अभियंता श्री कंवर के नेतृत्व में परियोजना को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया। विशेष रूप से खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आलोक दुबे के सतत निरीक्षण एवं सक्रिय पर्यवेक्षण से वनांचल क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद तकनीकी चुनौतियों को दूर करते हुए कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया गया।
बिजली सुविधा उपलब्ध होने से अब कटेमा गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तथा ग्रामीणों को रात्रिकालीन गतिविधियों में सुविधा होगी। गांव के लाभार्थियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More